मुंबई में प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों पर BMC की बड़ी कार्रवाई, 455 करोड़ बकाया पर 6 संपत्तियां ई-नीलामी में

BMC Property Tax: मुंबई में बीएमसी ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 संपत्तियों को कुर्क किया है। 6 संपत्तियां ई-नीलामी में शामिल की गई हैं।
bmc-mumbai-buy-22-water-tankers-improve-water-supply
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BMC Property Tax Defaulters Auction: बीएमसी ने संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) का भुगतान न करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जब्ती और नीलामी की व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को बीएमसी के कर निर्धारण एवं संग्रहण विभाग ने कुल 8 संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की।

जिनमें से 6 संपत्तियों की सार्वजनिक ई-नीलामी प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है, जबकि 2 संपत्ति धारकों को कर भुगतान के लिए 21 दिनों की अंतिम नोटिस जारी की गई है। इन 8 संपत्तियों पर दंड सहित कुल 455 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया है।

संबंधित संपत्तियों में खुले भूखंड, आवासीय भूखंड, वाणिज्यिक व औद्योगिक गाले, होटल, गोदाम और कार्यालय शामिल हैं। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कर भुगतान न होने के कारण बीएमसी को यह कठोर कदम उठाना पड़ा है।

प्रमुख संपत्तियों में होटल, दुकानें व भूखंड शामिल

ई-नीलामी के लिए प्रमुख संपत्तियों में गोरेगांव पश्चिम स्थित एक होटल, बांद्रा पश्चिम की दुकाने और कार्यालय, दहिसर का आवासीय भूखंड, परेल का खुला भूखंड, माझगांव की ऑयल मिल तथा मालाड-कुरार क्षेत्र का वाणिज्यिक शेड शामिल है। इन संपत्तियों का आरक्षित मूल्य करोड़ों रुपये में निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा फोर्ट क्षेत्र में स्थित दो वाणिज्यिक संपत्तियों और एक अस्पताल को कर भुगतान के लिए 21 दिनों की अंतिम नोटिस दी गई है। निर्धारित अवधि में कर न भरने पर इन संपत्तियों को भी नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6,200 करोड़ रुपये के कर संग्रह का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से अब तक 5,426 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com