मुंबई में पार्किंग महंगी करने की तैयारी, बीएमसी 40% तक बढ़ा सकती है पे-एंड-पार्क शुल्क

Mumbai BMC Parking Fee Hike Pay And Park News: मुंबई में बीएमसी जल्द ही पे-एंड-पार्क शुल्क में 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर सकती है। प्रस्ताव को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है, अंतिम फैसला बाकी है।
Mumbai BMC Parking Fee Hike Pay And Park News
मुंबई पार्किंग फ़ीस में बढ़ोतरी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Mumbai BMC Parking Fee Hike News: नागरिकों की पार्किंग समस्या को और बढ़ाने वाले एक कदम के तहत बीएमसी शहरभर में अपनी पे-एंड-पार्क सुविधाओं की पार्किंग फीस में 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है।

हालांकि इस प्रस्ताव को अतिरिक्त मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभी इसे बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे की अंतिम स्वीकृति मिलना बाकी है। वरिष्ठ मनपा अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2021 के बाद पहली बार पार्किंग शुल्क में संशोधन किया जा रहा है, जबकि पुराने दरों की वैधता मार्च 2021 में ही समाप्त हो चुकी थी।

वर्तमान पार्किंग नीति वर्ष 2015 में लागू की गई थी। हालांकि नागरिकों के विरोध को देखते हुए राज्य सरकार ने 2017 तक शुल्क वृद्धि पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद नई दरें लागू की गई।

मौजूदा पे-एंड-पार्क दरों की अवधि समाप्त

मार्च 2021 में मौजूदा पे-एंड-पार्क दरों की अवधि समाप्त हो गई थी, लेकिन कोविड महामारी और मार्च 2022 में बीएमसी सदन के भंग होने के कारण शुल्क में कोई संशोधन नहीं किया गया। अब बीएमसी ने मौजूदा पार्किंग शुल्क में 40 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक यह प्रस्ताव अभी प्रारंभिक चरण में है और इसे स्थायी समिति तथा महासभा के समक्ष पेश किया जाना बाकी है। बीएमसी में नए प्रोजेक्ट, करों में संशोधन और अन्य बदलावों को अंतिम मंजूरी तभी मिलती है जब स्थायी समिति और महासभा बहुमत से प्रस्ताव पारित करें।

वाहन व क्षेत्र के अनुसार दर

फिलहाल बीएमसी की पे-एंड-पार्क दरें वाहन के प्रकार और क्षेत्र की मांग के आधार पर तय की जाती है। ए श्रेणी वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों के लिए 20 से 100 रुपये, टैक्सी और चार पहिया वाहनों के लिए 70 से 235 रुपये तथा बसों के लिए 100 से 615 रुपये प्रति घंटा शुल्क लिया जाता है। वहीं बी श्रेणी क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों के लिए 15 रुपये और चार पहिया वाहनों के लिए 45 से 155 रुपये शुल्क निर्धारित है। आवासीय क्षेत्रों की सी श्रेणी में दोपहिया वाहनों के लिए 10 से 35 रुपये, चार पहिया वाहनों के लिए 25 रुपये और भारी वाहनों के लिए 35 से 200 रुपये तक शुल्क लिया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com