मुंबई की सड़कों पर दौड़ेंगी 1,500 नई इलेक्ट्रिक मिडी बसें, यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

Mumbai Electric Buses: मुंबई में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए BEST 1,500 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक मिडी बसें शुरू करने जा रहा है।
mumbai best 1500 electric midi buses metro connectivity
मुंबई इलेक्ट्रिक बस (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • BEST मुंबई में 1,500 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक मिडी बसें शुरू करेगा। इसके लिए EKA से 1,050 और Switch से 450 बसों की आपूर्ति का अनुबंध हुआ है।

  • बसों की शुरुआती खेप की 225 गाड़ियां मार्च 2027 तक सेवा में शामिल होंगी, जबकि शेष 1,275 बसें मार्च 2028 तक आने का लक्ष्य है।

  • प्रत्येक बस में 28 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी और एक बार चार्ज करने पर कम से कम 200 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेगी।

Mumbai Public Transport: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने शहर की सड़कों पर 1,500 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक मिडी बसें उतारने का निर्णय लिया है। लिए EKA और Switch के साथ करार हुआ है।

पीएम ई-ड्राइव योजना

बताया गया कि इन बसों को केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 12 साल के वेट-लीज अनुबंध पर संचालित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य मुंबई में प्रदूषण कम करने के साथ मेट्रो स्टेशनों तक आवाजाही के लिए यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

BEST की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, 9 मीटर लंबी इन इलेक्ट्रिक बसों की खरीद राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया के जरिए की गई है। इस प्रक्रिया का नेतृत्व कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (CESL) ने किया। अनुबंध के तहत मुंबई विद्युत वाहन ऑपरेशन प्राइवेट लिमिटेड 1,050 EKA इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति करेगा। ये बसें शहर के 10 डिपो से संचालित होंगी। वहीं, साईग्रीन ईवीएम प्राइवेट लिमिटेड 450 Switch इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराएगी, जिन्हें दो डिपो में तैनात किया जाएगा।

एक बार चार्ज करने पर 200 किलोमीटर की न्यूनतम रेंज

इन बसों को मुंबई की संकरी सड़कों और घनी आबादी वाले शहरी इलाकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रत्येक बस में 28 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 400 मिलीमीटर का अल्ट्रा-लो एंट्री फ्लोर, व्हीलचेयर के लिए ऑटोमैटिक रैंप और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सीटें उपलब्ध होंगी।

बसें एक बार चार्ज होने पर कम से कम 200 किलोमीटर की दूरी तय कर सकेंगी। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से भी इन बसों में कई आधुनिक इंतजाम किए गए हैं। इनमें फुल एयर सस्पेंशन, आगे और पीछे डिस्क ब्रेक, ऑटोमैटिक फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम, 360 डिग्री कैमरे, सीटों के साथ USB चार्जिंग सुविधा और रियल-टाइम टेलीमैटिक्स सिस्टम शामिल हैं।

mumbai best 1500 electric midi buses metro connectivity
ठाणे POCSO केस में 21 वर्षीय आरोपी बरी, अनाथ नाबालिग के पुनर्वास और मुआवजे की अदालत ने की सिफारिश

मार्च 2027 से शुरू होगी बसों की तैनाती

योजना के मुताबिक, बसों की आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से होगी। शुरुआती तौर पर लगभग 225 इलेक्ट्रिक बसें मार्च 2027 तक सेवा में शामिल की जाएंगी। इसके बाद शेष 1,275 बसों को मार्च 2028 तक BEST के बेड़े में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

12 साल के अनुबंध के तहत प्रत्येक बस को सालाना 64,800 किलोमीटर संचालन करना होगा। ग्रॉस-कॉस्ट मॉडल के अंतर्गत बसों का संचालन निजी कंपनियां करेंगी, जबकि रूट और डिपो संबंधी नियंत्रण BEST के पास रहेगा। बसों पर होने वाले विज्ञापनों से प्राप्त राजस्व भी बेस्ट को मिलेगा। इस नई पहल से मुंबई में मेट्रो स्टेशनों तक अंतिम छोर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही, डीजल बसों पर निर्भरता घटने से शहर में वायु प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।

mumbai best 1500 electric midi buses metro connectivity
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 165 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 3,081 पर पहुंची

बेस्ट के पास 2711 बसों का बेड़ा

इस समय BEST का बेड़ा लगभग 2,711 बसों का है। इनमें 50 एसी डबल डेकर सहित 711 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। 1500 बसें और आ जाने के बाद इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 2200 के ऊपर हो जाएगी। बेस्ट का लक्ष्य धीरे धीरे डीजल बसों की जगह पूरे मुंबई एमएमआर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने का है। अभी भी बेस्ट के बेड़े में लगभग 2,000 बसें डीजल या सीएनजी ईंधन से संचालित होती हैं।