

मुंबई से अयोध्या के बीच 24 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलेंगी।
ट्रेनें 19 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक संचालित होंगी।
कल्याण, नासिक, भुसावल, जबलपुर और प्रयागराज समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।
टिकट IRCTC वेबसाइट और आरक्षण केंद्रों से बुक कर सकते हैं।
Festival Special Trains Schedule Route: दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने मुंबई से अयोध्या के बीच 24 साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाने का ऐलान किया है।
ये ट्रेनें लोकमान्य तिलक टर्मिनस मुंबई और अयोध्या कैंट के बीच संचालित होंगी। खास बात यह है कि यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों में अमृत भारत रेक लगाए जाएंगे।
मध्य रेलवे के अनुसार, ट्रेन नंबर 01045 एलटीटी-अयोध्या कैंट साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल 19 अक्टूबर 2026 से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को एलटीटी से सुबह 7:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 10:15 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस दिशा में कुल 12 सेवाएं संचालित की जाएंगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 01046 अयोध्या कैंट-एलटीटी साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल 20 अक्टूबर 2026 से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को अयोध्या कैंट से दोपहर 1:50 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन अगले दिन शाम 5:15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी कुल 12 सेवाएं चलाई जाएंगी।
मुंबई-अयोध्या स्पेशल ट्रेन का ठहराव कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज जंक्शन, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर स्टेशनों पर होगा।
इन ट्रेनों में अमृत भारत रेक लगाए जाएंगे। ट्रेन की संरचना में 8 स्लीपर क्लास कोच, 11 जनरल सेकंड क्लास कोच, एक पेंट्री कार और दो सेकंड सीटिंग कम गार्ड ब्रेक वैन शामिल होंगे। इससे स्लीपर और सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
ट्रेन नंबर 01045 की बुकिंग कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और IRCTC की वेबसाइट www.irctc.co.in पर उपलब्ध है। अनारक्षित कोचों के टिकट सामान्य किराये पर यूटीएस सिस्टम के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं।
यात्री टिकट बुकिंग के लिए RailOne ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं। ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के विस्तृत समय की जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in या NTES ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।