मुंबई में देर रात तक ATS की छापेमारी, ISIS के सोशल मीडिया लिंक और पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने

ATS Raid Mumbai: मुंबई में एटीएस ने आतंकी साजिश और ऑनलाइन कट्टरपंथ के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। गोवंडी, शिवाजी नगर और कुर्ला में छापेमारी कर संदिग्धों के डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं।
Mumbai ATS Raid ISIS Connection
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai ATS Raid ISIS Connection: महाराष्ट्र आतंकवाद-रोधी दस्ते (ATS) की जांच अब मुंबई के मुस्लिम बहुल इलाकों की ओर बढ़ गई है। एटीएस ने बीती रात गोवंडी के लोटस कॉलोनी इलाके में दो जगहों और शिवाजी नगर इलाके के एक घर पर छापेमारी की है। इसके अलावा एजेंसी ने कुर्ला इलाके में भी कार्रवाई की है। ये छापेमारी प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े संदिग्ध ऑनलाइन दुष्प्रचार के संबंध में की गई है। देर रात तक चले इस अभियान में तीन संदिग्धों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। जिनकी जांच साक्ष्य जुटाने के लिए की जा रही है। हालांकि इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जबकि बताया जा रहा है की कुर्ला इलाके में कथित तौर पर एटीएस को सफलता नहीं मिली है। यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई, जिसमें संकेत मिला था कि कुछ व्यक्ति कथित तौर पर ऑनलाइन चरमपंथी सामग्री फैला रहे थे। उन पर विदेशों में स्थित संचालकों से संबंध होने का संदेह था। एजेंसी के अधिकारियों ने बताया है कि संदिग्धों के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित संगठनों के लिए प्रचार करने में शामिल होने का संदेह है।

अभियान के दौरान जब्त किए गए मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण किया जा रहा है। तलाशी अभियान देर रात समाप्त हो गया, लेकिन अधिकारियों ने संकेत दिया कि नए साक्ष्यों के आधार पर मुंबई के अन्य हिस्सों में भी छापेमारी की जा सकती है, जांच जारी है।

ISIS के इंस्टाग्राम फॉलो करने वालों पर छापा

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुंबई के लोटस कॉलोनी में रहने वाला एक बेरोजगार युवक (27) सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से जुड़ा हुआ था। उसने प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) को फॉलो किया था और कई बार उस पर कमेंट भी किया था। सूत्रों के मुताबिक इसी युवक ने इंस्टाग्राम के माध्यम से अपने इलाके के एक 25 वर्षीय युवक से जॉब के सिलसिले में कई बार चैट की थी। यह युवक महाराष्ट्र के एक जिले का निवासी है और विदेश की एक कंपनी में साइबर सिक्योरिटी से जुड़े ऑनलाइन काम करता है। इसी चैट लिंक के आधार पर एटीएस ने दोनों के घरों पर एक साथ छापेमारी की और उनसे पूछताछ की है।

पाकिस्तान से कॉल पर कार्रवाई

मुंबई के शिवाजी नगर रोड नंबर-1 पर रहने वाले 35 वर्षीय युवक के मोबाइल पर, कथित तौर पर पाकिस्तान से कॉल आने का मामला सामने आया है। एटीएस ने उसके घर पर करीब 8 घंटे पूछताछ की है। एटीएस की टीम ने उसके घर पर लगभग 8 घंटे तक पूछताछ की है कि कॉल करने वाला कौन है। एजेंसी ने एक लैपटॉप जब्त किया, जो युवक का नहीं बल्कि किसी रिश्तेदार का है और वह किसी काम के सिलसिले में लिया हुआ था। सूत्रों के अनुसार, युवक के पिता का कारोबार महाराष्ट्र में है, लेकिन परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का है।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि कुछ संदिग्ध कथित तौर पर आईएसआईएस से संबंधित ऑनलाइन दुष्प्रचार में शामिल हो सकते हैं। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या डिजिटल माध्यमों से युवाओं को प्रभावित करने या भर्ती करने के प्रयास किया गया था, या किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com