

Highlights:
22 नवंबर को मुंबई का औसत AQI बढ़कर 152 पर पहुंच गया, जो मध्यम स्तर के प्रदूषण को दर्शाता है।
20 नवंबर को 97 रहे AQI में दो दिनों के भीतर 55 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
नेवी नगर-कुलाबा में सबसे अधिक 266, देवनार में 220 और मालाड पश्चिम में 218 AQI रिकॉर्ड हुआ।
Mumbai Air Quality: मुंबई में वायु प्रदूषण एक बार फिर बढ़ने लगा है। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 152 पर पहुंच गया है। इसके चलते मुंबईकरों को फिलहाल मध्यम स्तर के प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि दक्षिण मुंबई के नेवी नगर-कुलाबा इलाके में सबसे अधिक 266 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
इसके बाद देवनार में 220 और मालाड पश्चिम में 218 एक्यूआई दर्ज होने से इन इलाकों की हवा की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। हवा की गुणवत्ता से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, 20 नवंबर को मुंबई का एक्यूआई 97 था। 21 नवंबर को इसमें बढ़ोतरी होकर यह 118 पर पहुंच गया, जबकि 22 नवंबर को सीधे 152 दर्ज किया गया। महज दो दिनों में प्रदूषण सूचकांक में 55 अंकों की वृद्धि होने से स्पष्ट है कि शहर की हवा तेजी से खराब हो रही है।
नवंबर महीने के आंकड़ों पर नजर डाले तो 1 नवंबर को मुंबई का एक्यूआई 79 था, जो 9 नवंबर को बढ़कर 172 तक पहुंच गया था। इसके बाद कुछ दिनों तक प्रदूषण के स्तर में उतार- चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन महीने के अंतिम दिनों में एक बार फिर प्रदूषण बढ़ने लगा है।
22 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, शहर के 26 में से 25 प्रदूषण मापन केंद्र काम कर रहे थे। बढ़ते वायु प्रदूषण का सबसे अधिक असर फेफड़ों संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, अस्थमा और हृदय रोगियों पर पड़ सकता है। ऐसे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने की आशंका रहती है।
शहर के अन्य इलाकों की बात करें तो शिवड़ी में 175, घाटकोपर में 167, कांदिवली पश्चिम में 164 और मुलुंड पश्चिम में 161 एक्यूआई दर्ज किया गया। इन उपनगरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। वहीं, कोलाबा और पवई में तुलनात्मक रूप से कम 107 एक्यूआई दर्ज किया गया।