

मुंबईकरों के लिए 238 नई एसी लोकल ट्रेनें चलाने की तैयारी, 2030 तक सभी होंगी शुरू।
नई ट्रेनों की डिजाइन गति 130 किमी प्रति घंटा, सफर होगा तेज और आरामदायक।
सीसीटीवी, मोबाइल चार्जिंग, बड़ी खिड़कियां और ऑटो अलर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
चेन्नई, कपूरथला और रायबरेली में होगा निर्माण, शुरुआत में सभी ट्रेनें 12 डिब्बों की होंगी।
Mumbai 238 New AC Local Trains: मायानगरी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन का सफर अब जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। भीड़भाड़ और उमस भरे सफर से परेशान मुंबईकरों के लिए रेलवे प्रशासन बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। यात्रियों के रोजमर्रा के सफर को बेहद आरामदायक, सुरक्षित और तेज बनाने के लिए रेलवे 238 नई एसी लोकल ट्रेनें चलाने की तैयारी में है। लगभग 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं से लैस इन ट्रेनों का निर्माण चेन्नई के आईसीएफ समेत तीन कारखानों में होगा।
साल 2027 से शुरू होकर साल 2030 तक ये सभी ट्रेनें मुंबई की उपनगरीय पटरियों पर दौड़ने लगेंगी। सीसीटीवी और चार्जिंग की सुविधा भी मिलेगी नई एसी लोकल ट्रेनों में यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल चार्जिंग के लिए सॉकेट और बड़ी खिड़कियां लगाई जाएंगी। आग लगने की स्थिति में यात्रियों को तुरंत सतर्क करने के लिए स्वचालित चेतावनी प्रणाली भी मौजूद होगी।
हालांकि, इन तमाम सुविधाओं के बावजूद लोकल ट्रेनों में शौचालय की व्यवस्था नहीं होगी। नई लोकल के निर्माण की जिम्मेदारी रेलवे के तीन कारखानों को सौंपी गई है। चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में 119 लोकल, कपूरथला की रेल कोच फैक्ट्री में 71 लोकल और रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्ट्री में 48 लोकल रेक तैयार किए जाएंगे। शुरुआत में ये सभी ट्रेनें 12 डिब्बों की होंगी, लेकिन भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इन्हें 16 या 20 डिब्बों तक बढ़ाने का प्रावधान भी रखा गया है।
बता दें कि पहले नई लोकल ट्रेनों का निर्माण महाराष्ट्र में ही करने के लिए एक अलग कारखाना बनाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन इस कारखाने के निर्माण में लगभग तीन साल लगने की संभावना थी, जिससे ट्रेनों की आपूर्ति 2034-35 तक टल सकती थी।
संभावित देरी से बचने के लिए रेलवे ने पहले की निविदा प्रक्रिया रद्द कर दी और मौजूदा तीन कारखानों में ही उत्पादन कराने का निर्णय लिया। इस फैसले से काम समय पर शुरू करने और 2030 तक पूरी आपूर्ति करने का रास्ता साफ हुआ है।
फिलहाल मुंबई लोकल की अधिकतम अनुमत गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि नई एसी लोकल की अधिकतम डिजाइन गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
इन ट्रेनों की त्वरण क्षमता भी अधिक होगी, जिससे ये कम समय में तेज रफ्तार पकड़ सकेंगी। इससे दो स्टेशनों के बीच सफर का समय कम हो सकता है। हालांकि, वास्तविक यात्रा समय सिग्नल प्रणाली, रेलवे ट्रैक की क्षमता और स्टेशनों पर ठहराव के समय पर निर्भर करेगा।
चेन्नई स्थित आईसीएफ में नई लोकल ट्रेनों के डिजाइन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं के अंतिम स्वरूप पर रेलवे की मंजूरी मिलने के बाद आगे का काम तेज होगा।
इसके बाद ट्रेनों की भीतरी बनावट और सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। इस कदम से मुंबई शहर के लाखों दैनिक यात्रियों को भविष्य में तेज और बेहतर सफर का विकल्प मिलने की उम्मीद है।