

धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के खिलाफ 28 नवंबर को विरोध मार्च।
सुबह 11 बजे कुंभार नाका से शुरू होकर अदाणी एक्सपीरियंस सेंटर तक पहुंचेगा मार्च।
झुग्गीवासियों के लिए 500 और पुरानी इमारतों के निवासियों के लिए 750 वर्ग फुट घर की मांग।
शाहूनगर, माटुंगा लेबर कैंप और काला किला के पात्र लोगों के पुनर्वास की मांग।
Mumbai Dharavi Redevelopment Project Protest: धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर स्थानीय निवासियों का विरोध तेज हो गया है। परियोजना के विकास में अदाणी समूह की भूमिका के खिलाफ धारावी के लोगों ने 28 नवंबर को बड़े मार्च का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में विपक्षी दलों के नेताओं के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
आयोजकों के मुताबिक, शनिवार सुबह 11 बजे मार्च बिस्मिल्लाह होटल, कुंभार नाका से शुरू होगा। प्रदर्शनकारी यहां से आगे बढ़ते हुए अदाणी एक्सपीरियंस सेंटर तक पहुंचेंगे। इस आंदोलन के जरिए स्थानीय निवासी पुनर्विकास परियोजना में अपने आवास और पुनर्वास से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले पात्र परिवारों को पुनर्विकास के बाद कम से कम 500 वर्ग फुट का घर दिया जाए। उनका कहना है कि पुनर्वास के दौरान परिवारों की जरूरतों और रहने की परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
आंदोलनकारियों ने पुरानी म्युनिसिपल और मंजूरशुदा इमारतों में रहने वाले लोगों के लिए 750 वर्ग फुट के घर की मांग रखी है। उनका कहना है कि ऐसे निवासियों के पुनर्वास के लिए अलग और उचित व्यवस्था होनी चाहिए।
प्रदर्शन में शाहूनगर, माटुंगा लेबर कैंप, काला किला और गणेश विद्या मंदिर क्षेत्रों के पात्र निवासियों के उचित पुनर्वास की मांग भी उठाई जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुंबई शहर पुनर्विकास की प्रक्रिया में किसी भी पात्र परिवार के आवास संबंधी अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। इस मार्च के जरिए धारावी के निवासी परियोजना से जुड़े अपने सवालों और मांगों को सामने लाने की तैयारी में हैं।