मुलुंड हादसा: 2 करोड़ और सरकारी नौकरी से कम कुछ नहीं, रामधनी के परिवार का शव लेने से इनकार

Ramdhani Yadav Family Demand For Government Job: मुलुंड मेट्रो हादसे में मृतक रामधनी के परिवार ने 2 करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी की मांग की है। उन्होंने मुआवजे के पुराने प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
Ramdhani Yadav Family Demand For Government Job
Ramdhani Yadav Family Demand For Government Job (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Mulund Metro Accident: मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार को हुए भीषण मेट्रो हादसे के बाद रविवार को तनाव और अधिक बढ़ गया। मेट्रो लाइन-4 के गिरते मलबे की चपेट में आकर जान गंवाने वाले रामधनी यादव के परिजनों ने उनका शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों ने दुर्घटनास्थल पर यादव समुदाय के सैकड़ों लोगों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के सामने अपनी मांगें रखीं।

पीड़ित परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिवार ने मुआवजे के तौर पर 2 करोड़ रुपये और परिवार के एक सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की लिखित मांग की है।

5 बजे तक का अल्टीमेटम, चक्का जाम की चेतावनी

रामधनी के परिवार के समर्थन में उतरे यादव समुदाय ने सरकार और प्रशासन को शाम 5 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि निर्धारित समय तक मुआवजे और नौकरी का लिखित आश्वासन नहीं मिलता है, तो वे मुंबई की सड़कों पर 'चक्का जाम' करेंगे। वर्तमान में स्थानीय विधायक मिहिर कोटेचा और पूर्व सांसद मनोज कोटक मुलुंड पुलिस स्टेशन में परिवार के साथ बातचीत कर उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन परिवार अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है।

मुआवजे के प्रस्ताव को ठुकराया: 20 लाख अपर्याप्त

मृतक रामधनी के रिश्तेदार शशिकांत यादव ने आरोप लगाया कि शनिवार रात ठेकेदार के प्रतिनिधियों ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने कहा:

प्रस्ताव: ठेकेदार ने सरकार के 5 लाख और अपनी ओर से 15 लाख यानी कुल 20 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया था।

अस्वीकार: परिवार ने इस प्रस्ताव को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि रामधनी के पीछे उनकी तीन बेटियां हैं। उनकी शिक्षा और शादी का भविष्य दांव पर है, जिसे 20 लाख रुपये में सुरक्षित नहीं किया जा सकता।

न्याय की मांग: परिवार का कहना है कि जब ठेकेदारों पर 6 करोड़ का जुर्माना लगाया जा सकता है, तो पीड़ित को इतनी कम राशि क्यों दी जा रही है।

हादसे में चकनाचूर हो गया था ऑटो, 5 अधिकारी गिरफ्तार

यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर 12:15 बजे जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के पास एलबीएस रोड पर हुआ। मेट्रो के ऊंचे पुल की मुंडेर (पैरपेट) का एक हिस्सा अचानक नीचे गुजर रहे ऑटो और स्कोडा कार पर गिर गया।

हताहत: हादसे में रामधनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार यादव गंभीर रूप से घायल हैं और आईसीयू में भर्ती हैं। महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रुहिया का भी इलाज चल रहा है।

पुलिसिया कार्रवाई: मुलुंड पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तारियां: पुलिस ने मिलन रोड बिल्डटेक के प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरीश चौहान, मैनेजर कुलदीप सपकाल सहित 5 अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक के लिए जिम्मेदार लोगों को सख्त सजा मिले।

Navbharat Live
navbharatlive.com