

सांसद अजीत गोपछडे ब्रुसेल्स में भारत का रणनीतिक पक्ष रखेंगे।
नाटो मुख्यालय और यूरोपीय संसद में रक्षा व तकनीकी सहयोग पर चर्चा।
मराठवाड़ा के जल संकट और नांदेड़ में रक्षा उद्योग लगाने का मुद्दा उठाएंगे।
Ajit Gopchade NATO Brussels Visit: महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद डॉ। अजीत माधवराव गोपछडे 22 से 27 नवंबर तक बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आयोजित चौथे ORF-KAS-NATO संवाद में भारतीय प्रतिनिधि मंडल के सदस्य के रूप में भाग ले रहे हैं। इस दौरान वे नाटो मुख्यालय, यूरोपीय संसद और यूरोपीय आयोग में होने वाली उच्च स्तरीय बैठकों में भारत का रणनीतिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे।
इस संवाद में वैश्विक सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी उपाय, रक्षा सहयोग, आधुनिक तकनीक और भारत-यूरोप संबंधों पर चर्चा होगी। 23 और 24 नवंबर को नाटो मुख्यालय में भारत की विदेश नीति, सुरक्षा प्राथमिकताओं, रक्षा उद्योग, आपूर्ति श्रृंखला की सुरक्षा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, क्वांटम तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। भारतीय प्रतिनिधि मंडल भारत की रक्षा उत्पादन संबंधी प्राथमिकताओं को भी प्रस्तुत करेगा। इस दौरान बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, नॉर्वे और पुर्तगाल के प्रतिनिधियों के साथ भी चर्चा निर्धारित है।
डॉ. गोपछडे महाराष्ट्र के पुणे, नाशिक, नागपुर शहर और मुंबई जैसे औद्योगिक केंद्रों की रक्षा उत्पादन क्षमता तथा यूरोपीय देशों के साथ संयुक्त उत्पादन और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित करेंगे। नांदेड़ में रक्षा उत्पादन परियोजना स्थापित करने की मांग भी उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष रखी है। यह मांग 5 अगस्त 2025 को राज्यसभा की शून्यकाल सूचनाओं की चयन सूची में शामिल हुई थी।
इससे मराठवाड़ा में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की संभावनाएं जुड़ी हैं। 25 नवंबर को यूरोपीय संसद में भारत के साथ अंतर-संसदीय संबंधों और सुरक्षा एवं रक्षा से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। इसी दिन 'यूरोप की रक्षा औद्योगिक क्षमता को सुदृढ़ करना: भारत-यूरोप सहयोग के सामरिक अवसर' विषय पर विशेष गोलमेज सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद यूरोपीय आयोग में भारत-एशिया संबंधों से जुड़े वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ चर्चा होगी।
डॉ. गोपछडे मराठवाड़ा में सूखे और जल संकट के दीर्घकालिक समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का अध्ययन करने पर जोर देंगे, ड्रिप सिंचाई, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग और सतत जल प्रबंधन जैसी तकनीकों के माध्यम से क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ाने के उपाय तलाशे जाएंगे, किसानों के प्रशिक्षण और जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को भी महत्वपूर्ण बताया जाएगा।
इसके अलावा भारत-यूरोप संबंधों को मजबूत बनाने के लिए नाटो संसदीय सभा के साथ नियमित संसदीय आदान-प्रदान, वार्षिक ब्रुसेल्स-नई दिल्ली संवाद और युवा पेशेवरों के लिए फेलोशिप कार्यक्रमों के प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
अपनी चिकित्सा पृष्ठभूमि के आधार पर डॉ. गोपछडे सार्वजनिक स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा में स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्व को भी रेखांकित करेंगे। दौरे से पहले उन्होंने कहा कि भारत रणनीतिक स्वायत्तता, सार्थक साझेदारी और रचनात्मक वैश्विक सहभागिता में विश्वास रखता है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने, सहयोग की संभावनाएं तलाशने और संवाद को ठोस परिणामों में बदलना इस दौरे का उद्देश्य है।