मनसे का 20वां स्थापना दिवस आज, रायगढ़ से राज ठाकरे भरेंगे नई रणनीति का बिगुल

MNS आज अपना 20वां स्थापना दिवस रायगढ़ किले पर मना रही है। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे यहां से कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और 10 मार्च से राज्यभर में सदस्यता अभियान शुरू करने की घोषणा की है।
MNS politics
राज ठाकरे (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MNS Foundation Day Raigad Event: महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) आज अपना 20वां स्थापना दिवस ऐतिहासिक और भव्य रूप में मना रही है।

इस खास मौके पर पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन के लिए ऐतिहासिक रायगढ़ किला को चुना है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की राजधानी के रूप में जाना जाता है। पार्टी प्रमुख राज ठाकरे इस अवसर पर रायगढ़ पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और आगामी राजनीतिक रणनीति का संकेत देंगे।

कार्यकर्ताओं के नाम भावुक संदेश

स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं यानी “महाराष्ट्र सैनिकों” को संबोधित करते हुए एक भावुक और रणनीतिक संदेश साझा किया। उन्होंने पार्टी के संघर्ष और अब तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। राज ठाकरे ने कहा कि मराठी मानुष के हितों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी इसी दिशा में काम जारी रहेगा।

10 मार्च से शुरू होगा सदस्यता अभियान

राज ठाकरे ने घोषणा की है कि 10 मार्च 2026 से पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान डिजिटल माध्यम के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी चलाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे केवल पार्टी शाखाओं तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों के बीच जाकर पार्टी का विस्तार करें।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगेंगे स्टॉल

पार्टी कार्यकर्ताओं को बाजार, स्कूल, कॉलेज, मंदिर, मैदान और उद्यान जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से आम लोगों से सीधे संवाद कर उन्हें पार्टी से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

मनसे का मानना है कि इस अभियान से पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा। रायगढ़ से होने वाला यह कार्यक्रम मनसे के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ आगामी राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत भी माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com