आंदोलन करने से पहले ये काम जरूर कर लें मनोज जरांगे, मंत्री चंद्रकात पाटिल ने दी नसीहत
Manoj Jarange Hunger Strike: मराठा आरक्षण के लिए मनोज जरांगे 29 अगस्त से मुंबई के आजाद मैदान में अनशन करेंगे। मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने आंदोलन से पहले सीएम देवेंद्र फडणवीस से बात करने की अपील की है।
- Written By: आकाश मसने
सीएम देवेंद्र फडणवीस व मनोज जरांगे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Minister Chandrakant Patil Advice To Manoj Jarange: मराठा समाज और उनके सगे संबंधियों के लिए ओबीसी कोटे से पूर्ण आरक्षण की मांग कर रहे मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटिल ने एक बार फिर से आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। चिंता की बात ये है कि मनोज जरांगे इस बार मुंबई के आजाद मैदान पर अनशन करने वाले हैं। उन्होंने 29 से अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। इसके लिए उन्होंने मराठों से लाखों की संख्या में मुंबई पहुंचने को कहा है।
मनोज जरांगे 27 अगस्त को अपने समर्थकों के साथ जालना जिले के अंतरवाली सराटी से मुंबई के लिए कूच करने वाले हैं। लेकिन महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने पहले सरकार से चर्चा करने की जरांगे से अपील की है।
मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को मनोज जरांगे को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने अवैध प्रदर्शन किया तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सांगली में संवाददाताओं से कहा कि मनोज ‘जरांगे को नए सिरे से विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल करने के बजाय, कागज-कलम के साथ सरकार के साथ बैठना चाहिए तथा मराठा आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए।
सम्बंधित ख़बरें
धर्मेंद्र प्रधान का रिप्लेसमेंट होंगे देवेंद्र फड़णवीस? सीएम के अचानक दिल्ली रवाना होने से अटकलें तेज
27,866 महिलाओं की स्तन कैंसर जांच: 1,276 में मिले संदिग्ध लक्षण, मुंबई बीएमसी देगी मुफ्त इलाज
विठ्ठल निर्मल दिंडी पुरस्कार 2026: पंढरपुर वारी में दिखा भक्ति और स्वच्छता का संगम! देखें विजेताओं की लिस्ट
आषाढ़ी एकादशी: पंढरपुर में भगवान विट्ठल-रुक्मिणी की पूजा, वारकरियों का सम्मान! देखें समारोह की मनमोहक तस्वीरें
वैसे तो सभी को वैध तरीके से विरोध करने का अधिकार है, लेकिन इस रास्ते से भटकने वाला कोई भी आंदोलन राज्य सरकार को कार्रवाई करने के लिए मजबूर करेगा।
सरकार ने गठित की कमेटी
मंत्री पाटिल ने कहा कि निर्धारित प्रदर्शन से पहले, राज्य सरकार ने मराठा आरक्षण पर एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति का पुनर्गठन किया है। मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल इसके नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। खुद चंद्रकांत पाटिल उप-समिति के सदस्यों में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र की इकोनॉमी कैसे पकड़ेगी दोगुनी रफ्तार? CM फडणवीस ने बता दिया मास्टरप्लान
समिति को मराठा आरक्षण मुद्दे के प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं पर समन्वय स्थापित करने, अदालतों में संबंधित मामलों में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों के साथ संपर्क स्थापित करने और न्यायिक आदेशों के कार्यान्वयन के लिए प्रक्रियाएं तैयार करने का कार्य सौंपा गया है।
नवी मुंबई में शुरू हुई तैयारी
28 अगस्त को लाखों मराठा बंधुओं के नवी मुंबई पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सकल मराठा समाज ने नवी मुंबई में ठहरने की व्यवस्था करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आंदोलनकारियों की सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की गई है।
आंदोलनकारियों की सुविधा के संबंध में जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्णनाथ पांचाल को ज्ञापन दिया गया है। 29 अगस्त को मुंबई में होने वाले विशाल मार्च और भूख हड़ताल की पृष्ठभूमि पर 17 अगस्त को नवी मुंबई में सम्पूर्ण मराठा समाज की समन्वय समिति की एक बैठक हुई।
