मनोज जरांगे को आजाद मैदान में आंदोलन की मंजूरी, पुलिस ने रखीं कड़ी शर्तें

Mumbai News: मराठा आरक्षण आंदोलन के तहत मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल को मुंबई के आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति मिल गई है। हालांकि, यह अनुमति सिर्फ एक दिन के लिए दी गई है।
मनोज जरांगे (pic credit; social media)
मनोज जरांगे (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: मराठा आरक्षण आंदोलन से जुड़े नेता मनोज जरांगे पाटिल को आखिरकार मुंबई पुलिस ने आजाद मैदान में आंदोलन की अनुमति दे दी है। हालांकि यह अनुमति सिर्फ 29 अगस्त को एक दिन के लिए दी गई है और इसके लिए कड़े नियम और शर्तें भी लागू की गई हैं।

पुलिस ने साफ किया है कि आंदोलन हाईकोर्ट द्वारा तय किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार ही होगा। आदेश में कहा गया है कि आंदोलन केवल सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा और इसमें अधिकतम 5,000 लोग ही शामिल हो सकेंगे। यह संख्या मैदान की क्षमता के अनुसार तय की गई है।

सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों की आवाजाही पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं। मुंबई आने वाले आंदोलनकारियों को वाडी बंदर जंक्शन से होकर गुजरना होगा। वहां से केवल पांच वाहन ही आजाद मैदान तक पहुंच सकेंगे, जबकि बाकी वाहनों को पुलिस द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा।

पुलिस ने आंदोलन के दौरान लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी नियंत्रण रखा है। बिना अनुमति के किसी तरह का ध्वनि विस्तारक यंत्र इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा आंदोलन स्थल पर प्रदर्शनकारियों को खाना पकाने और कचरा फैलाने की मनाही होगी।

सुरक्षा कारणों से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को आंदोलन में शामिल न करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर आंदोलन के दौरान तय नियमों और शर्तों का उल्लंघन किया गया, तो इसे तुरंत अवैध घोषित कर दिया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

इस तरह, मराठा आरक्षण के समर्थन में जरांगे पाटिल को आंदोलन की मंजूरी तो मिल गई है, लेकिन पुलिस ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शर्तों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com