

Mumbai Child Kidnapping: मानखुर्द पुलिस ने ढाई साल के मासूम बच्चे के अपहरण की गुत्थी महज 40 घंटे में सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने मुस्कान भोला कुमार साह और उसके पति भोला कुमार जग्गु साह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 23 सितंबर को हुई थी। बच्चे के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने तत्काल मानखुर्द पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त धनंजय कुलकर्णी और पुलिस उपायुक्त समीर शेख के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई। वरिष्ठ निरीक्षक बिलाल शेख के नेतृत्व में पुलिस इंस्पेक्टर लीलाधर पाटिल और पुलिस इंस्पेक्टर हनुमंत ओऊलकर की टीम ने देवनार, आरसीएफ और ट्रॉम्बे पुलिस स्टेशनों के अधिकारियों के साथ मिलकर बच्चे की तलाश की।
जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों CCTV फुटेज की जांच की। इसी दौरान एक महिला बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दी।
CCTV फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध रास्तों का विश्लेषण किया। इसके साथ ही तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी का इस्तेमाल कर जांच को आगे बढ़ाया गया।
पुलिस ने मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों का पता लगाया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
मानखुर्द पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दंपति की अपनी संतान नहीं थी। इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर बच्चे के अपहरण की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच की जा रही है।