

Mankhurd Flyover Accident BMC Fine: मानखुर्द स्थित सायन-पनवेल हाईवे पर पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत के बाद बीएमसी ने संबंधित ठेकेदार पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। इसी वजह से ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है और सख्त हिदायत भी दी गई है।
बता दें कि 48 वर्षीय पुलिस कॉन्स्टेबल संतोष गोपाल चव्हाण जो नेहरू नगर पुलिस स्टेशन में तैनात थे, और वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व) के कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर थे।
अपनी ड्यूटी खत्म कर टू-व्हीलर से नवी मुंबई स्थित अपने घर लौट रहे थे और मानखुर्द टी-जंक्शन के पास फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था। उसी समय अचानक एक भारी-भरकम बोरिंग (पाइलिंग) मशीन पलट गई, जिसके कुछ हिस्से चव्हाण पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल चव्हाण ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह काम बीएमसी के तहत निजी ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा था। मृतक के भाई, एएसआई अशोक चव्हाण की शिकायत पर मानखुर्द पुलिस ने सफर इंफ्राटेक और लिफ्टिंग एंड लैशिंग सॉल्यूशन इंडिया कंपनी के मालिकों, इंजीनियरों और ऑपरेटरों सहित कई लोगों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। लेकिन पुलिस गहन जांच कर रही है। मानखुर्द पुलिस ने इस लापरवाही के लिए सफर इंफ्राटेक के मालिक रेहान असलम मलिक, इंजीनियर रंजन कुमार शुक्ला आदि को आरोपी बनाया गया है।