अजित पवार से मिले माणिकराव कोकाटे, मंत्री पद पर सस्पेंस अब भी बरकरार

Manikrao Kokate Controversy: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे ने उनके राज्य मंत्रिमंडल में बने रहने को लेकर जारी अटकलों के बीच मंगलवार को उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाकात की।
Manikrao Kokate met Ajit Pawar before the cabinet meeting
उपमुख्यमंत्री अजित पवार व मंत्री माणिकराव कोकाटे (साेर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Manikrao Kokate met Ajit Pawar: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे इन दिनों विवादों में घिरे हैं। पहले मानसून सत्र के दौरान विधान परिषद में मोबाइल पर रमी गेम खेलने और फिर किसानों को लेकर विवादित टिप्प्णी के लिए मंत्री की आलोचना हो रही है। विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे की भी मांग कर रहा है।

मंत्री पद से इस्तीफे की अटकलों के बीच कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे ने मंगलवार को उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार से मुलाकात की। डिप्टी सीएम ने कोकाटे की टिप्पणियों से बार-बार विवाद खड़ा होने को लेकर उन्हें फटकार लगाई और मामले में समर्थन का कोई आश्वासन नहीं दिया।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कृषक समुदाय के बारे में कोकाटे की टिप्पणियों पर नाराजगी जताई, जिनके कारण महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और एनसीपी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि पवार से मुलाकात में कोकाटे ने अपनी टिप्पणियों पर खेद व्यक्त किया।

मंत्रिमंडल बैठक से पहले हुई मुलाकात

मंत्री माणिकराव कोकाटे मंत्रिमंडल बैठक से पहले अपनी बेटी के साथ सुबह ‘मंत्रालय' पहुंचे और सीधे उपमुख्यमंत्री अजित पवार के कक्ष में गए। उन्होंने बताया कि 15 मिनट तक चली बैठक तनावपूर्ण रही, जिसमें पवार ने कोकाटे की ओर से बार-बार की गई विवादित टिप्पणियों पर कथित तौर पर कड़ी नाराजगी जताई।

सूत्रों के मुताबिक मंत्री कोकाटे ने अपने हालिया कदमों पर खेद व्यक्त किया और पवार को भरोसा दिलाया कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। हालांकि, पवार ने कोकाटे को समर्थन का कोई आश्वासन नहीं दिया।

डिप्टी सीएम के साथ बैठक के बाद मंत्री कोकाटे ने पत्रकारों से बात नहीं की और सीधे कैबिनेट की बैठक में चले गए, जिससे इन अटकलों को हवा मिली है कि उनके मंत्री पद पर बने रहने को लेकर जल्द फैसला हो सकता है।

किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने भी की मुलाकात

इस बीच, नासिक के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिन में अजित पवार से मुलाकात की और अनुरोध किया कि कोकाटे को राज्य मंत्रिमंडल में बरकरार रखा जाए। पवार ने हालांकि, प्रतिनिधिमंडल से सवाल किया कि किसी को कितनी बार माफ किया जाना चाहिए? उन्होंने यह भी कहा कि जब कोकाटे ने अतीत में स्वेच्छा से मंत्री पद से इस्तीफा दिया था, तब कोई भी उनके समर्थन में आगे नहीं आया था।

नासिक जिले की सिन्नर विधानसभा सीट से एनसीपी विधायक माणिकराव कोकाटे का विवादों से पुराना नाता रहा है। कोकाटे ने पिछले दिनों आरोप लगाया था कि किसान अपनी सब्सिडी का दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने किसानों को भिखारी कहा था और अपने मंत्री पद को बंजर जमीन का स्वामी बताया था।

ताजा विवाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो से उत्पन्न हुआ है, जिसमें कोकाटे राज्य विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान सदन में अपने मोबाइल फोन पर कथित तौर पर ऑनलाइन 'रमी' खेलते हुए नजर आए थे। यह विवाद अभी थमा भी नहीं था कि उन्होंने किसानों के बारे में अपनी पिछली टिप्पणियों को स्पष्ट करते हुए सरकार को 'भिखारी' कहकर एक और विवाद खड़ा कर दिया था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com