मौसम ने फिर ली करवट! कोंकण-मराठावाड़ा और विदर्भ में बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मौसम बदलने लगा है। कोकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और विदर्भ के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया।
today weather-update
मौसम कॉन्सेप्ट फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yellow Alert Issued For Rain In Maharashtra: महाराष्ट्र में एक बार फिर बारिश लौटने की संभावना है। तेज धूप और उमस भरे मौसम के बीच कोकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और विदर्भ के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण कोंकण-गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने के साथ तूफान, हल्की से मध्यम वर्षा, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने जारी किया बारिश का अलर्ट

कोकण के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग, मध्य महाराष्ट्र के अहिल्यानगर, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर में बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मराठवाडा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, परभणी, हिंगोली, धाराशिव, लातूर और नांदेड़, जबकि विदर्भ के अकोला, अमरावती, चंद्रपुर और गड़चिरोली जिलों में  भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

मानसूनी हवाओं की वापसी अंतिम चरण में

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम-दक्षिण पश्चिमी मानसूनी हवाओं की वापसी अब अंतिम चरण में है, लेकिन वातावरण में नमी और स्थानीय दबाव परिवर्तन के कारण एक बार फिर बौछारें पड़ने की स्थिति बन गई है।

तेज धूप और बढ़ता तापमान

महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में फिलहाल तेज धूप तप रही है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। दोपहर के समय गर्मी और उमस इतनी अधिक है कि बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

रत्नागिरी में राज्य का सबसे अधिक तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सांताक्रूज, जलगांव, सोलापुर, ब्रह्मपुरी और अमरावती में तापमान 34 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर उन जिलों में जहां बारिश की संभावना है। किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है, वहीं शहरी इलाकों में नागरिकों को आवश्यक सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com