Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र के इन जिलों में आसमानी आफत! IMD का ऑरेंज अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल

Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का कहर जारी है। IMD ने पुणे और नाशिक के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 60kmph की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
Maharashtra Weather Update Unseasonal Rain
महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट (सोर्स: AI)
Published on: 
Updated on: 

Unseasonal Rain In Maharashtra: महाराष्ट्र में चिलचिलाती गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट बदल ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से पुणे, नाशिक और उत्तर महाराष्ट्र के जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जो अगले 24 से 48 घंटों तक प्रभावी रहेगा।

पुणे और नासिक में 'ऑरेंज अलर्ट' का साया

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, पुणे और नासिक में गुरुवार दोपहर से ही मौसम बिगड़ना शुरू हो गया है। पुणे के कई इलाकों जैसे पिंपरी-चिंचवड़ में अचानक हुई ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। IMD ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जलगांव, धुले, नंदुरबार और अहिल्यानगर में भी इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना है।

मराठवाड़ा और विदर्भ में भी ऑरेंज अलर्ट

सिर्फ उत्तर महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना और बीड़ में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं विदर्भ और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। विदर्भ में नागपुर समेत कई जिलों में पिछले दो दिन से रिमझिम बारिश हो रही है। गुरुवार को भी पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो सक्रिय 'वेस्टर्न डिस्टरबेंस' के कारण प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।

मुंबई में कैसा रहेगा मौसम?

राहत की बात यह है कि मुंबई, ठाणे और पालघर को फिलहाल ऑरेंज अलर्ट से बाहर रखा गया है। मुंबई में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। हालांकि, उमस बढ़ने से मुंबईकरों की परेशानी बढ़ सकती है।

किसानों और आम जनता के लिए सलाह

बेमौसम बारिश और ओलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। आम जनता से अपील की गई है कि गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें और बिजली के खंभों से दूर रहें। तेज़ हवाओं के कारण कच्चे घरों और होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com