

Operation Tiger 2 Uddhav Thackeray MLA Split: शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के साथ जाने के बाद अब विधायकों में भी संभावित टूट की अटकलों ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। हालांकि 14 विधायकों के शिंदे गुट में जाने की खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इन अटकलों के बीच ठाकरे गुट ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है।
मानसून सत्र शुरू होने से पहले उद्धव ठाकरे ने मुंबई स्थित शिवालय कार्यालय में पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई। पार्टी के अनुसार विधानसभा के 20 में से 17 विधायक और विधान परिषद के 6 में से 5 सदस्य बैठक में मौजूद रहे। कुछ अनुपस्थित विधायकों ने व्यक्तिगत कारणों से नहीं आने की जानकारी पहले ही दी थी। बैठक में संगठनात्मक स्थिति, विधानसभा की रणनीति और मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा की गई।
हाल ही में बगावत करनेवाले यूबीटी के छह सांसदों ने सोमवार को अधिकृत रूप से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए। दक्षिण मुंबई स्थित वाईबी चव्हाण सेंटर में डीसीएम शिंदे की मौजूदगी में उनका पक्ष प्रवेश संपन्न हुआ। दूसरी ऑपरेशन टाइगर-2 की पार्श्वभूमि में शिवालय में बुलाई गई बैठक में तीन विधायक कन्नी काट गए।
वहीं, आदित्य ठाकरे ने सरकार पर "तोड़फोड़ की राजनीति" करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को दल-बदल पर ध्यान देने के बजाय महंगाई, पानी, आंतरिक सुरक्षा और किसानों के मुद्दों पर काम करना चाहिए।
उद्धव ठाकरे ने कहा है कि सांसदों के जाने के मामले पर वह अगले सप्ताह विस्तृत पत्रकार परिषद में अपनी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों के सांसद पार्टी छोड़कर गए हैं, वहां जाकर जनता को पूरी स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
बाला नर, नितिन देशमुख, सुनील राऊत, अजय चौधरी, प्रवीण स्वामी, गजानन लवटे, हारून खान, वरुण सरदेसाई, सुनील प्रभू, कैलास पाटिल, आदित्य ठाकरे, बाबाजी काले, मनोज जामसुतकर, भास्कर जाधव।