

MPSC Drug Inspector Recruitment Cancelled: फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों और सामने आए सबूतों के बाद महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का फैसला किया है। आयोग के इस निर्णय को परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों की बड़ी जीत माना जा रहा है।
मामले की अपराध शाखा द्वारा की गई जांच में परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आने की जानकारी दी गई है। जांच के अनुसार, कथित तौर पर केवल एक उम्मीदवार को परीक्षा का पेपर सेट मिला था और उसने इसका फायदा उठाया। इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।
इस मामले को लेकर लंबे समय से छात्र विरोध कर रहे थे। ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का आरोप सबसे पहले विधायक रोहित पवार ने उठाया था। इसके बाद मामले ने राजनीतिक और छात्र स्तर पर भी जोर पकड़ा। एमपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे से भी मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखी थीं।
पुणे में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से आयोजित ‘छात्राओं की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान भी एक छात्र ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया था। लगातार उठ रही मांगों और जांच के बीच अब आयोग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द करने का निर्णय लिया है।
MPSC की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के ड्रग इंस्पेक्टर, ग्रुप-B पद की भर्ती के लिए अब दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा नए सिरे से कराने के लिए आयोग की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
MPSC की ओर से इस फैसले से संबंधित आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति आयोग की वेबसाइट पर जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। नई परीक्षा की तारीख, आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी विवरण आयोग की आधिकारिक सूचना में स्पष्ट किए जाएंगे। इस फैसले के बाद भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को नई परीक्षा प्रक्रिया और कार्यक्रम का इंतजार रहेगा।