

Maharashtra Monsoon Update: जुलाई की शुरुआत होते ही महाराष्ट्र में मानसून ने जोरदार वापसी की है। कोंकण, विदर्भ, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों, पश्चिम महाराष्ट्र और खानदेश में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र से लेकर उत्तर केरल तट तक कम दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर ट्रफ) बना हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में 6 जुलाई तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पालघर और पुणे जिले के घाट क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार दोपहर सांताक्रूज पश्चिम स्थित रिलीफ रोड पर रहेजा कॉलेज के समीप पेड़ गिरने की एक घटना में कुल 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नानावटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घायलों में नूर आलम, राजेश कुडाल, विनय कदम, सुलेमान शेख, विनोद भट, देवेश साह, जगदीश निकम और निलाद तुळे शामिल हैं। बीएमसी के अनुसार यह हादसा गुरुवार दोपहर लगभग 2:02 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक निजी इमारत परिसर में पहले से गिरे हुए पेड़ का निरीक्षण करने के लिए कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे।
हिंगोली जिले के औंढा नागनाथ तहसील सहित आसपास के इलाको में रात 1:20 बजे धरती कांप उठी। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र औंढा नागनाथ तहसील के फुलदाभा और जलालदाभा क्षेत्र में जमीन से 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
झटकों से पहले भूगर्भ से तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई अचानक तेज गड़गड़ाहट के बाद ही सेकंड में घरों में कंपन महसूस होने लगा, झटकों के कारण घरों की खिड़कियों, शीशे और दरवाजे हिलने लगे, जबकि अलमारियों में रखे बर्तन खनखनाने लगे। भूकंप का एहसास होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए।