शिवसेना UBT का बड़ा ऐलान, बागी सांसदों के चेहरे पर कालिख पोतने वाले को 51 हजार का इनाम

Shiv Sena UBT Reward Rebel MPs Face Blacken: शिवसेना (यूबीटी) के हिंगोली जिला प्रमुख संदेश देशमुख ने बागी सांसदों के चेहरे पर कालिख पोतने वाले को 51,000 रुपये इनाम देने का ऐलान किया।
Uddhav Thackeray On Rebel MP
उद्धव ठाकरे गुट का बगियों के लिए बड़ा ऐलान (फोटो क्रेडिट-X)
Published on: 
Updated on: 

Shiv Sena UBT Reward Announcement: महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' के तहत शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने के बाद उद्धव ठाकरे गुट का गुस्सा अब सातवें आसमान पर पहुंच गया है। पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के विदर्भ और मराठवाड़ा के तूफानी दौरे की शुरुआत से ठीक पहले हिंगोली जिला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने एक बेहद आक्रामक और विवादित ऐलान कर दिया है। हिंगोली के शिवसेना जिला प्रमुख संदेश देशमुख ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि पार्टी से गद्दारी करने वाले 6 सांसदों में से जो कोई भी किसी एक सांसद के चेहरे पर कालिख पोतेगा, उसे पार्टी की तरफ से 51,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

इस आक्रामक घोषणा के बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है और कयास लगाए जा रहे हैं कि उद्धव ठाकरे के दौरे के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

गद्दार सांसदों को सबक सिखाना जरूरी

पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और बागियों के खिलाफ आक्रोश जताने के लिए हिंगोली के जिला प्रमुख संदेश देशमुख ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "इन 6 सांसदों ने न सिर्फ शिवसेना और मातोश्री की पीठ में छुरा घोंपा है, बल्कि उन लाखों वफादार शिवसैनिकों और करोड़ों मतदाताओं का भी अपमान किया है जिन्होंने इन्हें चुनकर संसद भेजा था। इन गद्दारों को सबक सिखाना अब बेहद जरूरी हो गया है। हमारी हिंगोली जिला इकाई की तरफ से यह ऐलान है कि जो भी हिंगोली शिवसैनिक या आम नागरिक इन 6 बागी सांसदों में से किसी के भी चेहरे पर कालिख पोतने का काम करेगा, उसे तुरंत 51,000 रुपये का नकद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा।"

सांसदों की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे की पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस

इस पूरे दलबदल संकट और 'ऑपरेशन टाइगर' की सफलता के बाद शनिवार (27 जून 2026) को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने पहली बार आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अपनी बात रखते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, "भले ही कुछ स्वार्थी और लालची नेता हमारा साथ छोड़कर चले गए हों, लेकिन असली और वफादार शिवसैनिक आज भी पूरी ताकत से मेरे साथ खड़े हैं। इन सांसदों को जनता ने मेरी साख और बालासाहेब के विचारों पर वोट देकर जिताया था। आज वे पाला बदलने के बाद कह रहे हैं कि हमारे साथ रहने से उन्हें कोई राजनीतिक लाभ नहीं था, लेकिन वे यह भूल रहे हैं कि उनकी खुद की कोई जमीन नहीं थी, वे सिर्फ और सिर्फ मेरी वजह से ही सांसद बने थे।"

उड़ान के दौरान ठाकरे की फडणवीस से मुलाकात

इस सियासी उठापटक के बीच शुक्रवार को एक और दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक ही यात्री विमान में सफर करते नजर आए। नागपुर की इस हवाई यात्रा के दौरान उद्धव ठाकरे के साथ उनके बेटे आदित्य ठाकरे, संजय राउत और अनिल देसाई भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, यात्रा के दौरान उद्धव और फडणवीस के बीच काफी देर तक हल्की-फुल्की और राजनीतिक चर्चा हुई है, जिसने राज्य में नए समीकरणों की अटकलों को हवा दे दी है। बहरहाल, उद्धव ठाकरे अब विदर्भ और मराठवाड़ा के उन पांच प्रमुख क्षेत्रों के दौरे पर निकल रहे हैं, जहां के सांसदों ने बगावत की है, और हिंगोली का यह ताजा 'कालिख इनाम' विवाद इस दौरे को और अधिक संवेदनशील बना चुका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com