MLC Election 2026: भाजपा ने जारी की 10 उम्मीदवारों की लिस्ट; सुप्रिया सुले के समधी अरुण लखानी को मिला टिकट

Maharashtra MLC Election Candidate List BJP: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने 10 उम्मीदवारों की घोषणा की। अरुण लखानी और प्राजक्त तनपुरे को मिला टिकट।
Arun Lakhani MLC Election BJP Candidate
देवेंद्र फडणवीस सुप्रिया सुले और अरुण लखानी (फोटो क्रेडिट-X)
Published on: 
Updated on: 

MLC Election BJP Candidates List: महाराष्ट्र की इस चुनावी बिसात में भाजपा का सबसे चौंकाने वाला और बड़ा दांव वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली सीट से देखने को मिला है। पार्टी ने यहां से जाने-माने उद्योगपति अरुण लखानी को मैदान में उतारा है, जो राकांपा (SP) सांसद सुप्रिया सुले के होने वाले समधी हैं। लखानी के बेटे की शादी सुप्रिया सुले की बेटी रेवती से तय हो चुकी है। अरुण लखानी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और वर्तमान में प्रदेश कार्यकारिणी में सह-कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कारपोरेट और औद्योगिक जगत को पार्टी से जोड़ने में उन्हें महारत हासिल है।

विदर्भ क्षेत्र को और अधिक अभेद्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बेहद करीबी अविनाश ब्राह्मणकर को भंडारा-गोंदिया से प्रत्याशी बनाया गया है। ब्राह्मणकर को संगठन का एक निष्ठावान चेहरा माना जाता है। इसी तरह अमरावती से पार्टी ने अपने पुराने कद्दावर नेता प्रवीण पोटे पाटिल पर दोबारा भरोसा जताया है, जो साल 2012 में भी एमएलसी (MLC) चुने गए थे और 2014 की फडणवीस सरकार में राज्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी स्थानीय स्वराज संस्थाओं और शैक्षणिक संकुलों में बेहद मजबूत पकड़ है।

धैर्यशील कदम और राजेंद्र राऊत पर दांव

पश्चिम महाराष्ट्र में शरद पवार और कांग्रेस के पारंपरिक एकाधिकार को चुनौती देने के लिए भाजपा ने सांगली-सातारा सीट से बूथ स्तर के कद्दावर संगठन मंत्री धैर्यशील कदम को आगे किया है। वहीं सोलापुर सीट से प्रभावशाली क्षत्रिय और किसान नेता राजेंद्र राऊत को टिकट थमाया गया है। बार्शी विधानसभा सीट से साल 2004 में पहली बार निर्दलीय विधायक चुने गए राजेंद्र राऊत साल 2019 से लगातार भाजपा के साथ मजबूती से खड़े हैं।

पाला बदलते ही प्राजक्त तनपुरे को मिला उम्मीदवारी का बड़ा तोहफा

इस सूची का सबसे बड़ा यू-टर्न अहिल्यानगर (अहमदनगर) सीट पर देखने को मिला, जहां राकांपा (शरद पवार) के बेहद करीबी और जयंत पाटिल के भांजे प्राजक्त तनपुरे को टिकट दिया गया है। तनपुरे 30 मई 2026 को ही भाजपा में शामिल हुए थे और ठीक एक दिन बाद उन्हें उच्च सदन का टिकट मिल गया। इसके अलावा, नांदेड़ से अशोक चव्हाण के अत्यंत वफादार अमरनाथ राजुरकर को प्रत्याशी बनाया गया है, जो साल 2024 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए थे।

मराठवाड़ा में जातीय सोशल इंजीनियरिंग पर विशेष फोकस

मराठवाड़ा के कद्दावर लिंगायत नेता और पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बसवराज पाटिल को धाराशिव-लातूर-बीड सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर-जालना से ओबीसी (OBC) चेहरे के रूप में सुहास शिरसाट को टिकट मिला है। उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव से कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन के करीबी और जिला परिषद के पूर्व सफल सदस्य नंदकिशोर महाजन को चुनावी रण में उतारा गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com