

Maharashtra Farmers Loan Waiver First List: महाराष्ट्र में पिछले लंबे समय से कर्ज से राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लाखों अन्नदाता किसानों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने किसान कर्जमाफी योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कर्जमाफी प्रक्रिया से जुड़ी एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र पाए गए किसानों की पहली आधिकारिक सूची बुधवार को जारी कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद से राज्य के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, वहीं दूसरी ओर कर्ज के बोझ तले दबे किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पिछले कई दिनों से कर्जमाफी के अमल और इसकी प्रक्रिया को लेकर जो अनिश्चितता और भ्रम का माहौल बना हुआ था, वह अब पूरी तरह से खत्म हो गया है।
मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किसान कर्जमाफी की प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों की पहली सूची को बुधवार, 22 जुलाई को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किया जाएगा। बाबासाहेब पाटिल द्वारा इस संदर्भ में आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पूरी की जा रही हैं, जिससे इस प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जा सके।
इस घोषणा को सार्वजनिक करने के लिए एक विशेष अवसर का संदर्भ भी चुना गया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजित पवार की जयंती के अवसर पर पात्र लाभार्थियों की यह पहली सूची जारी की जा रही है। शासन की इस तत्परता से 30 जुलाई से पूर्व कर्जमाफी की प्रक्रिया शुरू होने के कयासों पर अब मुहर लग गई है।
मीडिया से बात करते समय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नीट विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली समेत देश के अन्य जगहों पर हो रहे आंदोलन पर भी टिप्प्णी की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करने का अधिकार सभी को है। लेकिन आंदोलन करते समय संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियों का भी ध्यान रखना आवश्यक है।