CM फडणवीस के जन्मदिवस पर छत्रपति संभाजीनगर में एक लाख पौधारोपण का लक्ष्य, 22 जुलाई से शुरू होगा हरित महोत्सव

Devendra Fadnavis Birthday: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मोत्सव पर 22 से 29 जुलाई तक 'हरित महोत्सव' आयोजित होगा। छत्रपति संभाजीनगर जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
CM Devendra Fadnavis Birthday Harit Mahotsav One Lakh Tree Plantation CSN
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और संजय केनेकर (सोर्सः डिजाइन फोटो)
Updated on

CM Devendra Fadnavis Birthday: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 22 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक 'देवेंद्रजी जन्मोत्सव - हरित महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान के माध्यम से जिले में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह जानकारी भाजपा के पूर्व विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय केनेकर ने पत्रकार परिषद में दी। उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण कार्यक्रम उनके द्वारा आयोजित किया जा रहा है तथा इसमें जनसहभागिता को सबसे अधिक महत्व दिया जाएगा।

संजय केनेकर ने अभियान को लेकर यह कहा?

संजय केनेकर ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने तथा आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित महाराष्ट्र देने के उद्देश्य से वर्ष 2047 तक 300 करोड़ वृक्ष लगाने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए हर वर्ष बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।

इस वर्ष भी उसी कड़ी में 'देवेंद्रजी जन्मोत्सव - हरित महोत्सव' आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए एक पेड़ मां के नाम संदेश से भी प्रेरित है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है।

बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, घटते वन क्षेत्र और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों का सामना करने के लिए जनभागीदारी के साथ बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण आवश्यक है। संजय केनेकर ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत मराठवाड़ा क्षेत्र में लगभग पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

इनमें से छत्रपति संभाजीनगर जिले में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे, जबकि शेष पौधारोपण मराठवाड़ा के अन्य जिलों में किया जाएगा। अभियान के दौरान केवल पौधे लगाने पर ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में वृक्ष बन सकें।

व्यापक स्तर पर पौधारोपण

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र शासन के वन विभाग तथा सामाजिक वनीकरण विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता, वृक्ष संरक्षण और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांवों, बस्तियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा।

समाज के विभिन्न वर्गों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। पत्रकार परिषद में संजय केनेकर ने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।

इसलिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण की इस जनभागीदारी को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग से यह अभियान जिले में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com