

महाराष्ट्र CET 2027-28 के लिए कुल 21 प्रवेश परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम जारी हुआ।
11 पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को दो बार परीक्षा देने का विकल्प मिलेगा।
पीजीडीएम, पीजीसीएम और जीएनएम के लिए पहली बार सीईटी आयोजित होगी।
परीक्षाएं जनवरी 2027 से शुरू होकर 10 जून तक पूरी होंगी।
Maharashtra CET Cell Exam Dates 2027: महाराष्ट्र राज्य सामाईक प्रवेश परीक्षा कक्ष (सीईटी सेल) ने शैक्षणिक वर्ष 2027-28 के लिए विभिन्न व्यावसायिक स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस वर्ष कुल 21 सीईटी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें से 11 पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को दो बार परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत दादा पाटील ने दी।
मंत्री पाटील ने बताया कि इस वर्ष से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (पीजीडीएम), पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट इन मैनेजमेंट (पीजीसीएम) और जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) पाठ्यक्रमों के लिए पहली बार सीईटी आयोजित की जाएगी। जनवरी 2027 से परीक्षाएं शुरू होंगी और 10 जून तक अलग-अलग पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं पूरी होंगी।
वर्ष 2026 में आयोजित 20 सीईटी परीक्षाओं के लिए 18 लाख 14 हजार 456 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 16 लाख 31 हजार 335 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। विद्यार्थियों को अधिक अवसर देने के उद्देश्य से इस बार दो बार परीक्षा आयोजित करने वाले पाठ्यक्रमों की संख्या तीन से बढ़ाकर 11 कर दी गई है।
अब तक पीसीएम, पीसीबी और एमबीए/एमएमएस की सीईटी दो बार आयोजित की जाती थी। इस व्यवस्था को मिले अच्छे प्रतिसाद के बाद इसमें आठ और पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं।
अब पीसीएम, पीसीबी, एमबीए/एमएमएस, पीजीडीएम, पीजीसीएम, पांच वर्षीय एलएलबी, बीएचएमसीटी, बीसीए, बीबीए, बीएमएस और बीबीएम की परीक्षाएं दो बार होंगी।
विद्यार्थियों के लिए पहली सीईटी देना अनिवार्य होगा, जबकि दूसरी परीक्षा देना उनकी इच्छा पर निर्भर करेगा। यदि कोई विद्यार्थी दोनों परीक्षाएं देता है, तो प्रवेश के लिए उसके बेहतर पर्सेंटाइल वाले परीक्षा परिणाम को मान्य किया जाएगा।
सरकार के निर्देश के अनुसार पीजीडीएम, पीजीसीएम और जीएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए पहली बार प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। पीजीडीएम और पीजीसीएम की परीक्षा दो बार होगी और इसे एमबीए सीईटी के साथ ही आयोजित किया जाएगा।
एमबीए/एमएमएस, पीजीडीएम और पीजीसीएम की पहली परीक्षा 28 से 30 जनवरी 2027 के बीच होगी, जबकि दूसरी परीक्षा 1 से 3 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएगी। पांच वर्षीय एलएलबी की पहली परीक्षा 28 और 29 मार्च को तथा दूसरी परीक्षा 24 मई को होगी।
पीसीबी समूह की पहली परीक्षा 8 से 13 अप्रैल और दूसरी परीक्षा 6 से 8 मई के बीच होगी। पीसीएम समूह की पहली परीक्षा 16 से 26 अप्रैल और दूसरी परीक्षा 10 से 15 मई तक आयोजित की जाएगी। बीएचएमसीटी, बीसीए, बीबीए, बीएमएस और बीबीएम की पहली परीक्षा 28 से 30 अप्रैल तथा दूसरी परीक्षा 27 और 28 मई को होगी।
एमएचएमसीटी की परीक्षा 24 मार्च, एमसीए की 27 मार्च, एएसी (कला शिक्षा) की 11 अप्रैल और बी.डिजाइन की 18 अप्रैल को होगी। तीन वर्षीय एलएलबी की परीक्षा 4 और 5 मई, डीपीएन/पीएचएन की 18 मई, नर्सिंग की 18 और 19 मई तथा जीएनएम नर्सिंग की 21 और 22 मई को आयोजित की जाएगी।
एमपीएड की परीक्षा 5 जून, एमएड की 6 जून और बीएड (जनरल एवं स्पेशल), बीएड (ईएलसीटी) तथा बीपीएड की परीक्षाएं 8 से 10 जून 2027 के बीच होंगी।
इस वर्ष तीन वर्षीय एकीकृत बीएड-एमएड पाठ्यक्रम की सीईटी आयोजित नहीं की जाएगी। राज्य में यह पाठ्यक्रम केवल एक संस्थान में संचालित है। यहां कुल 55 सीटों में से इस वर्ष सिर्फ 12 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। इसी वजह से परीक्षा नहीं लेने का निर्णय किया गया है।
विद्यार्थियों और संस्थानों की मांग को देखते हुए एमपीएड, एमएड और बीएड की परीक्षाएं इस बार जून में रखी गई हैं। सीईटी सेल ने स्पष्ट किया है कि घोषित कार्यक्रम संभावित है। विद्यार्थियों को अंतिम तारीखों और अन्य निर्देशों के लिए आधिकारिक सीईटी सेल की वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए।