

महाराष्ट्र में जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू।
राज्यभर में करीब 2.84 लाख प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात होंगे।
10 से 24 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी।
25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े जुटाएंगे।
1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरावलोकन दौर चलेगा।
Self Enumeration Portal Census 2027: जनगणना 2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत होने वाली जनसंख्या गणना के कार्य को सटीक, पारदर्शी और निर्धारित समय में पूरा करने के लिए जिला प्रशासन इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दे। मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने निर्देश दिया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इसलिए सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें। वे शनिवार को मुंबई के मलबार हिल स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में प्रधान जनगणना अधिकारियों की राज्यस्तरीय समीक्षा परिषद के ऑनलाइन उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
केंद्र सरकार की संयुक्त सचिव व महाराष्ट्र की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ। निरुपमा डांगे ने कहा कि जनगणना की त्रुटियों का सीधा असर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन, वैधानिक आरक्षण और आगामी दशक के बुनियादी आंकड़ों पर पड़ सकता है।
इसलिए राज्य भर में तैनात होने वाले लगभग 2।84 लाख प्रगणक और पर्यवेक्षक प्रत्येक व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने बेघर लोगों, छात्रावासों, जेलों, होटलों, पेइंग गेस्ट आवासों व दुर्गम और वंचित क्षेत्रों की आबादी की गणना पर विशेष जोर दिया। इसके लिए 40 प्रश्नों की डिजिटल प्रश्नावली, पीई मोबाइल ऐप, ऑनलाइन स्व-गणना और रियल-टाइम निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जाएगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. के. एच. गोविंदराज ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य की लगभग 50 प्रतिशत आबादी शहरी क्षेत्रों में रहती है, जहां पलायन, घनी आबादी और शहरों का विस्तार बड़ी चुनौती है।
उन्होंने बंद या खाली घरों का पुनः दौरा करने, प्रगणकों की समय पर नियुक्ति व प्रशिक्षण पूरा करने और उन्हें उचित मानधन व सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं, प्रधान सचिव व राज्य नोडल अधिकारी रणजित सिंह देओल ने जिलाधिकारियों और मनपा आयुक्तों को प्रशिक्षण में शामिल होकर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
महाराष्ट्र राज्य में 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर आंकड़े जुटाएंगे।
28 फरवरी की मध्यरात्रि को बेघर लोगों की गणना होगी और 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरावलोकन दौर चलेगा। 40 प्रश्नों की डिजिटल प्रश्नावली में नाम, परिवार प्रमुख से संबंध, लिंग, आयु, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, दिव्यांगता, मातृभाषा, शिक्षा, व्यवसाय, रोजगार और प्रवास से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी।