

Maharashtra Cabinet Education Decision: राज्य सरकार ने शिक्षा सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में शिक्षा से संबंधित तीन अहम फैसले लिए गए।
इसमें सोलापुर में नया इंजीनियरिंग कॉलेज, तुलजाभवानी इंजीनियरिंग कॉलेज सरकार को हस्तारित करने और आदिवासी समुदाय के बच्चों के बेहतर शिक्षा के लिए 5 प्राइमरी व 19 सेकेंडरी आश्रम स्कूल को अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया।
आदिवासियों के अनुदानित 5 प्राइमरी आश्रम स्कूलों को सेकेंडरी लेवल और 19 सेकेंडरी स्कूलों को हायर सेकेंडरी स्तर पर अपग्रेड करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस फ़ैसले से आदिवासी छात्रों की पढ़ाई-लिखाई में बहुत मदद मिलेगी। साल 1972-73 से 'आश्रम शाला' स्कीम शुरू की गई थी।
सामाजिक संगठनों की ओर से फिलहाल 556 आश्रम स्कूल चलाए जा रहे हैं। इनमें 37 प्राइमरी और 319 सेकेंडरी स्कूल हैं। साथ ही सेकेंडरी आश्रम स्कूलों से जुड़े 200 जूनियर कॉलेज चल रहे हैं। इन स्कूलों में लगभग 2,61,836 छात्र पढ़ रहे हैं।
धाराशिव जिले के तुलजापुर में तुलजाभवानी मंदिर संस्थान की ओर से संचालित श्री तुलजाभवानी इंजीनियरिंग कॉलेज को उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर संस्थान के अध्यक्ष और जिलाधिकारी ने इस कॉलेज को सरकार को ट्रांसफर करने का प्रस्ताव दिया था।
इस पर उच्च व तकनीकी शिक्षा विभाग की पांच सदस्यीय कमेटी ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। इसके तहत कॉलेज को उसकी जमीन, बिल्डिंग और उपकरणों के साथ सरकार को ट्रांसफर करने की मंजूरी दी गई। अब यह कॉलेज श्री तुलजाभवानी गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के नाम से जाना जाएगा।
फिलहाल कॉलेज में सिविल, मैकेनिकल इलेक्ट्रॉनिक और टेलीकम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस के कोर्स चल रहे हैं। भविष्य में इस कॉलेज में एआई, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा, ग्रीन टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी, ईवी टेक्नोलॉजी जैसे मॉडर्न और रोजगार परक कोर्स शुरू किए जाएंगे। इस कॉलेज के लिए 60 रेगुलर टीचिंग पोस्ट और 58 नॉन टीचिंग पोस्ट समेत कुल 118 पोस्ट को मंजूरी दी गई है।