BMC पर होगा महायुति का कब्जा, निकाय चुनाव में जीत के बाद भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण का बड़ा दावा
BMC Election: महाराष्ट्र निकाय चुनाव में BJP सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी। भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम फडणवीस के नेतृत्व में महायुति सभी महानगरपालिकाओं में जीत दर्ज करेगी।
- Written By: आकाश मसने
महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण (सोर्स: सोशल मीडिया)
Ravindra Chavan Statement: महाराष्ट्र के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है। पार्टी ने 125 से अधिक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में जीत हासिल कर महायुति गठबंधन के प्रभुत्व को और मजबूत किया है। इन नतीजों को राज्य की राजनीति में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
जीत के बाद रविंद्र चव्हाण का बड़ा दावा
चुनावी नतीजों के बाद महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इस जीत को जनता का विश्वास बताया। उन्होंने दावा किया कि आगामी महानगरपालिका चुनावों में भी महायुति की ही जीत होगी और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का महापौर भी महायुति से ही बनेगा।
मोदी-फडणवीस नेतृत्व में चुनावी सफलता
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ये नगर निकाय चुनाव लड़े गए। चुनाव परिणामों में 215 से अधिक नगराध्यक्ष चुने गए हैं, जो सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि भाजपा के 129 नगराध्यक्ष और 34 से अधिक नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
PM मोदी और CM मोहन की अपील बेअसर, 200 गाड़ियों का काफिला लेकर भोपाल पहुंचे BJP नेता, जाम में फंसे रहे लोग
Explainer: ममता विरोध में ‘लाल’ हुआ ‘भगवा’! क्या बंगाल में लेफ्ट वोटरों ने लिखी BJP की जीत की पटकथा?
पंजाब में AAP को बड़ा झटका, CM भगवंत मान के भाई और चाचा BJP में शामिल; पार्टी में नहीं थम रही बगावत
तरनतारन में BJP जिला मुख्यालय पर हमला, एक साथ घुसे 20 नकाबपोश, नेताओं संग मारपीट के बाद की जमकर तोड़फोड़
सरकार के फैसलों का जनता को मिला लाभ
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में बीते एक वर्ष में कई बड़े और निर्णायक फैसले लिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिया गया, जिससे सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा। यही कारण है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनता ने महायुति को समर्थन दिया।
संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत
भाजपा की चुनावी रणनीति पर बोलते हुए चव्हाण ने कहा कि पार्टी हर चुनाव पूरी ऊर्जा के साथ लड़ती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी एक कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं। भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर 365 दिन सक्रिय रहते हैं, यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
स्ट्राइक रेट नहीं, सेवा भावना अहम
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि भाजपा स्ट्राइक रेट की चिंता नहीं करती, बल्कि देश सेवा की भावना से काम करती है। सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम संगठन के माध्यम से किया जाता है और पीएम मोदी के नेतृत्व में कई योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचा है।
महानगरपालिका और बीएमसी चुनाव पर फोकस
आगामी महानगरपालिका चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि सभी 29 महानगरपालिकाओं में महायुति का महापौर बनाने का लक्ष्य है। बीएमसी चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने दोहराया कि बीएमसी का महापौर महायुति का ही होगा।
