

एडमिशन के लिए इंटरव्यू और परीक्षा पर रोक।
चंदा और अनधिकृत फीस वसूली प्रतिबंधित।
ITR और पारिवारिक फोटो जैसे अतिरिक्त दस्तावेज नहीं मांग सकेंगे स्कूल।
नियम तोड़ने वाले स्कूलों को कारण बताओ नोटिस।
शिक्षा अधिकारी करेंगे औचक निरीक्षण, हर महीने देनी होगी रिपोर्ट।
Maharashtra School Admission Rules: महाराष्ट्र में निजी स्कूलों की प्रवेश प्रक्रिया में मनमानी और अभिभावकों के आर्थिक व मानसिक शोषण को रोकने के लिए राज्य सरकार ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूल प्रवेश के लिए बच्चों या अभिभावकों का इंटरव्यू नहीं ले सकेंगे।
इसके अलावा लिखित या मौखिक परीक्षा आयोजित करने, अनावश्यक दस्तावेज मांगने और चंदा अथवा अनधिकृत शुल्क वसूलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दंडात्मक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ निजी स्कूल पूर्व-प्राथमिक और पहली कक्षा में प्रवेश के लिए निर्धारित दस्तावेजों के अलावा अभिभावकों से अतिरिक्त जानकारी मांग रहे हैं।
इनमें माता-पिता का आयकर रिटर्न (ITR), आय से संबंधित अतिरिक्त विवरण और परिवार की तस्वीरें शामिल हैं। सरकार ने ऐसी अनावश्यक मांगों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रवेश प्रक्रिया में इंटरव्यू, परीक्षा और चंदे के जरिए भेदभाव की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया है।
महाराष्ट्र सरकार ने प्रवेश प्रक्रिया, शुल्क वसूली और शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की है।
महाराष्ट्र शैक्षणिक संस्थान अधिनियम, 2011 के प्रावधानों के अनुसार ही स्कूल फीस वसूल सकेंगे। प्रत्येक स्कूल को अपनी पूरी शुल्क संरचना वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करनी होगी। साथ ही हर भुगतान के बदले आधिकारिक रसीद देना अनिवार्य होगा।
स्कूलों की प्रवेश प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए समूह शिक्षा अधिकारियों और क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में प्रवेश रजिस्टर, आवेदन पत्र, अभिभावकों से मांगे गए दस्तावेज, फीस की रसीदें और लॉटरी प्रक्रिया की पड़ताल की जाएगी।
यदि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा अधिकारियों को निरीक्षण और की गई कार्रवाई की मासिक रिपोर्ट भी सरकार को सौंपनी होगी। अभिभावकों की शिकायतों की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के इस कदम का उद्देश्य स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और अभिभावकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाना है।