

Maharashtra Assembly: महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान के मुद्दे पर भास्कर जाधव के आक्रामक भाषण के दौरान भाजपा विधायक देवयानी फरांदे ने हस्तक्षेप किया, जिससे सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दरअसल, जाधव मनरेगा मजदूरों के पिछले चार वर्षों से लंबित वेतन को लेकर सरकार को घेर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ‘जीआर’ (सरकारी आदेश) का उल्लेख करते हुए तंज कसा और कहा, “क्या आपने लोगों से ‘जय श्री राम’ बुलवाने का तय कर लिया है?” उनकी इस टिप्पणी पर देवयानी फरांदे नाराज हो गईं।
जाधव की टिप्पणी से आक्रोशित फरांदे पहली पंक्ति में जाकर बैठ गईं और उनसे “जय श्री राम बोलिए” कहकर लगातार हस्तक्षेप करने लगीं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा, “आप अपनी जगह पर जाइए। पहली पंक्ति में बैठने से आपको कोई विशेष अधिकार नहीं मिल जाता।” इसके बाद फरांदे अपने स्थान पर लौट गईं।
अध्यक्ष की टिप्पणी के बाद भास्कर जाधव ने भी पलटवार करते हुए कहा, “मैडम, आपसे सीख लेने की मेरी योग्यता नहीं है। आपकी विद्वता मेरे बस की बात नहीं है।” इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर मजदूरों के मुद्दे पर जवाब न देने का आरोप लगाते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। बाद में संबंधित मंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र से धनराशि प्राप्त हो चुकी है और अगले एक महीने के भीतर सभी मजदूरों के बकाया भुगतान कर दिए जाएंगे।