महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए आज निकलेगी महापौर आरक्षण की लॉटरी, मुंबई पर टिकी नजर

Maharashtra की 29 महानगरपालिकाओं में महापौर पद के आरक्षण की लॉटरी आज 22 जनवरी को निकाली जाएगी। नगर विकास विभाग के इस फैसले से मनपाओं में सत्ता गठन की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
BMC
बीएमसी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव के बाद अब सभी की निगाहें महापौर पद के आरक्षण पर टिकी हुई हैं।

राज्य सरकार के नगर विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुंबई सहित सभी 29 महानगरपालिकाओं के महापौर पद के लिए आरक्षण की लॉटरी आज गुरुवार, 22 जनवरी को निकाली जाएगी।

राज्य की सभी 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव 15 जनवरी को संपन्न हुए थे, जबकि इनके नतीजे 16 जनवरी को घोषित किए गए थे। चुनाव परिणाम आने के बाद मनपा में सत्ता गठन के लिए सबसे पहला और अहम कदम महापौर पद का आरक्षण तय करना होता है। इसी प्रक्रिया में देरी के चलते अब तक कई नगरपालिकाओं में राजनीतिक समीकरण स्पष्ट नहीं हो पाए थे।

लॉटरी के कारण महापौर चयन में हुई देरी

महापौर पद के आरक्षण की लॉटरी तय न होने की वजह से महापौर चयन और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया अटकी हुई थी। नगर विकास विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए आज लॉटरी निकालने का निर्णय लिया है, जिससे सत्ता गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।

मंत्रालय में सुबह 11 बजे निकाली जाएगी लॉटरी

नगर विकास विभाग के अनुसार, महापौर पद के आरक्षण की लॉटरी आज सुबह 11 बजे मंत्रालय के परिषद हॉल में निकाली जाएगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल करेंगी। लॉटरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी।

मुंबई समेत बड़े शहरों पर राजनीतिक नजर

महापौर पद के आरक्षण की घोषणा के बाद मुंबई, पुणे, ठाणे, नागपुर और नाशिक जैसी प्रमुख महानगरपालिकाओं में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। आरक्षण तय होते ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस मनपा में किस वर्ग के लिए महापौर पद आरक्षित रहेगा, जिससे गठबंधन और समर्थन की रणनीतियां तय होंगी।

आरक्षण तय होते ही तेज होगा सत्ता गठन

आरक्षण की लॉटरी निकलने के बाद संबंधित महानगरपालिकाओं में महापौर चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही स्थायी समिति अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदों के लिए भी राजनीतिक जोड़-तोड़ तेज होने की उम्मीद है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com