Chandrashekhar Bawankule (सोर्सः सोशल मीडिया)
Maharashtra Revenue Department: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की आम जनता को सरकारी सेवाओं का त्वरित लाभ पहुंचाने के लिए एक विशेष मुहिम शुरू करने का निर्णय लिया है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विधानमंडल में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक तहसील (तालुका) में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राजस्व प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। मंत्री बावनकुले ने बताया कि प्रशासन ने इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए विस्तृत समय-सारणी तैयार की है, जिसके अनुसार प्रत्येक तहसील में कुल छह शिविर लगाए जाएंगे।
मार्च महीना:
तहसील के दो राजस्व मंडलों के लिए 7 मार्च और 14 मार्च को शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अप्रैल महीना:
अगले दो मंडलों के लिए 10 अप्रैल और 17 अप्रैल की तारीख तय की गई है।
मई महीना:
नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर पर 8 मई और 15 मई को दो शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के दिन नागरिकों को तत्काल लाभ मिल सके, इसके लिए 18 फरवरी से 5 मार्च तक पूर्व-तैयारी चरण चलाया जाएगा। इस दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी नागरिकों के आवेदन एकत्र करेंगे और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पूरी कराएंगे।
ये भी पढ़े: भारतीय शेयर बाजार में आया भूचाल: सेंसेक्स 961 अंक टूटा, निवेशकों के 5.5 लाख करोड़ स्वाहा
इन शिविरों में राजस्व विभाग से संबंधित 15 विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें विभिन्न प्रकार के सरकारी प्रमाणपत्र, भूमि से जुड़े दस्तावेज (उतारे) और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ शामिल है। मंत्री बावनकुले ने स्पष्ट किया कि इस अभियान में सांसद, विधायक और पालक मंत्रियों सहित सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।