

Indian Railways Holi Summer Special Trains: त्योहारी और ग्रीष्मकालीन सीजन में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और प्रयागराज के बीच 44 साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
फरवरी से जुलाई के बीच चरणबद्ध तरीके से चलने वाली इन सेवाओं से होली और गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन संख्या 04102 प्रत्येक मंगलवार शाम 16:55 बजे मुंबई से रवाना होकर अगले दिन शाम 17:00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। यह सेवा 17 फरवरी से 14 जुलाई तक कुल 22 फेरों में संचालित होगी। इसमें 4 अतिरिक्त स्पेशल, 5 होली स्पेशल और 13 समर स्पेशल ट्रेनें शामिल की गई हैं, जिससे त्योहारों के दौरान यात्रा आसान हो सके।
वापसी में ट्रेन संख्या 04101 प्रत्येक सोमवार शाम 18:00 बजे प्रयागराज से प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 14:55 बजे मुंबई पहुंचेगी। यह सेवा 16 फरवरी से 13 जुलाई के बीच कुल 22 फेरे लगाएगी। ट्रेनों का ठहराव कल्याण, नासिक, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना और मानिकपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जबकि इगतपुरी में ठहराव केवल एक दिशा में रहेगा।
यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कोच संरचना में 1 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 9 स्लीपर, 8 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 सेकंड सीटिंग सह गार्ड ब्रेक वैन शामिल किए गए हैं। भारतीय रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और भीड़भाड़ वाले सीजन में यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।