Mumbai Crime: लोखंडवाला में मॉडल को कार से कुचलने की कोशिश, एसिड अटैक की धमकी के बाद खौफनाक वारदात

Model Attack Case: मुंबई के लोखंडवाला में एक 29 वर्षीय व्यक्ति ने मॉडल को कार से कुचलने की कोशिश की। आरोपी ने पहले एसिड अटैक की धमकी दी थी। वीडियो वायरल।
Mumbai Lokhandwala Model Attack Case
Mumbai Lokhandwala Model Attack Case (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Updated on

Mumbai Lokhandwala Model Attack Video: मुंबई के पॉश इलाके अंधेरी पश्चिम (लोखंडवाला) से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जहाँ एक 29 वर्षीय युवक ने सरेआम एक महिला मॉडल को अपनी कार से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की। यह पूरी घटना लोखंडवाला स्थित 'एरेना बिल्डिंग' के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने कितनी बेरहमी से महिला पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि वहां मौजूद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और इमारत का गेट बंद कर दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। ओशिवारा पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस जांच में पता चला है कि यह हमला अचानक नहीं हुआ था, बल्कि इसके पीछे पिछले नौ महीनों से चल रहा उत्पीड़न और विवाद था। आरोपी की पहचान मोहम्मद शेख के रूप में हुई है। आरोपी और पीड़िता के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी, जो अंततः इस जानलेवा हमले में बदल गई।

एसिड अटैक की धमकी और अफवाहों का विवाद

पीड़िता, जो पेशे से एक मॉडल है, का आरोप है कि मोहम्मद शेख पिछले नौ महीनों से उसके और उसके परिवार के बारे में गलत अफवाहें फैला रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार तीखी बहस भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, घटना से कुछ दिन पहले मॉडल अपनी सहेली के साथ आरोपी के घर इस बात का विरोध करने गई थी, लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके अगले ही दिन पीड़िता की सहेली को स्नैपचैट पर एक खौफनाक संदेश मिला, जिसमें उन पर 'एसिड अटैक' (तेजाब हमले) करने की सीधी धमकी दी गई थी।

सीसीटीवी में कैद हुई 'हिट एंड रन' की कोशिश

मंगलवार रात करीब 9:30 बजे जब मॉडल एरेना बिल्डिंग के प्रवेश द्वार पर थी, तब मोहम्मद शेख अपनी कार लेकर वहां पहुँचा। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी ने अचानक कार की रफ्तार बढ़ाई और सीधे महिला की ओर मोड़ दी। पहली टक्कर के बाद महिला गुस्से में कार के पीछे भागी, लेकिन सनकी आरोपी ने दोबारा कार को रिवर्स किया और फिर से उसे कुचलने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कार लेकर भागने में सफल रहा।

ओशिवारा पुलिस की कार्रवाई

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है। ओशिवारा पुलिस स्टेशन में आरोपी मोहम्मद शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जान से मारने की कोशिश, पीछा करने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है और मांग की है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com