मध्य रेलवे RPF ने मुंबई लोकल में महिलाओं की सुरक्षा हेतु SOS फीचर लॉन्च किया, जिससे रात में लाइव लोकेशन मिलेगी

Mumbai Local Train: मध्य रेलवे आरपीएफ ने 'यात्री ऐप' के साथ मिलकर महिला यात्रियों के लिए एसओएस फीचर लॉन्च किया है। रात 10 से सुबह 6 बजे तक आपात स्थिति में तुरंत लाइव लोकेशन कंट्रोल रूम पहुंचेगी।
Central Railway's RPF launches a special SOS safety feature on the Yatri App for women commuters, enabling live location tracking from 10 PM to 6 AM in emergencies.
महिलाओं की सुरक्षा (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Local Train Women Safety SOS:  मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क पर सफर करने वाली लाखों महिला यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मध्य रेल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्री ऐप के सहयोग से एक विशेष एसओएस सुरक्षा फीचर शुरू किया है। यह सुविधा विशेष रूप से रात के समय यात्रा करने वाली महिलाओं को त्वरित सुरक्षा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई है।

इस नई सुविधा का औपचारिक शुभारंभ 23 जून को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में मंडल सुरक्षा आयुक्त, मध्य रेल के वरिष्ठ अधिकारी, यात्री ऐप के संस्थापक और अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।

SOS अलर्ट से सीधे RPF कंट्रोल रूम से जुड़ेंगी यात्री

मुंबई शहर का उपनगरीय रेल नेटवर्क दुनिया के सबसे व्यस्त रेल नेटवर्कों में से एक है, जहां प्रतिदिन लाखों महिलाएं यात्रा करती हैं। नई एसओएस सुविधा ट्रेन, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज (एफओबी) अथवा स्टेशन परिसर में किसी भी आपात स्थिति के दौरान महिला यात्रियों को सीधे आरपीएफ कंट्रोल रूम से जोड़ने का काम करेगी। एसओएस बटन दबाते ही संबंधित यात्री की लाइव लोकेशन, ट्रेन संख्या, रूट, रेक की जानकारी और निकटतम स्टेशन का विवरण स्वतः आरपीएफ कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगा। इससे सुरक्षा बलों को स्थिति का तत्काल आकलन कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगी सक्रिय

यह विशेष सुरक्षा सुविधा प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सक्रिय रहेगी। फीचर केवल उन महिला उपयोगकर्ताओं को दिखाई देगा जिन्होंने यात्री ऐप में अपना लिंग महिला के रूप में दर्ज किया है। आपातकालीन स्थिति में बटन दबाने के बाद अलर्ट तुरंत भेजा जाएगा, हालांकि गलती से अलर्ट सक्रिय होने से बचाने के लिए पांच सेकंड का कैंसिल विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है।

तकनीक के जरिए बढ़ेगी सुरक्षा

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि तकनीक आधारित यह सुरक्षा प्रणाली महिलाओं को विशेष रूप से देर रात और तड़के सुबह की यात्रा के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करेगी। इसके माध्यम से आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय कम होगा और आरपीएफ तथा रेलवे प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।

महिला यात्रियों में बढ़ेगा भरोसा

मध्य रेल का मानना है कि यह पहल महिला यात्रियों के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत करेगी। मुंबई लोकल की जीवनरेखा मानी जाने वाली उपनगरीय रेल सेवा में इस तरह की तकनीकी सुविधाएं यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com