लालबागचा राजा के प्रसाद और गहनों की नीलामी में टूटे रिकॉर्ड, 1.55 करोड़ में बिकी 1 किलो सोने की ईंट

Lalbaugcha Raja Auction: मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा मंडल की वार्षिक नीलामी में भक्तों ने दिल खोलकर बोलियां लगाईं। 1.55 करोड़ में एक किलो सोने की ईंट बिकी, वहीं मंडल को 6.12 करोड़ का नकद दान मिला।
Lalbaugcha Raja Gold Auction
लालबागचा राजा को मिले दान की नीलामी में रखी वस्तुएंसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Lalbaugcha Raja Auction Gold Brick Bid: देश के सबसे प्रसिद्ध गणेशोत्सव मंडलों में शामिल मुंबई के लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल ने हर साल की तरह इस साल भी चढ़ावे में आई कीमती वस्तुओं की नीलामी आयोजित की थी। इस नीलामी में भक्तों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बुधवार शाम 5 बजे शुरू होकर आधी रात तक चली इस नीलामी में भक्तों ने चढ़ावे में आई कीमती वस्तुओं पर उनकी असल कीमत से कहीं अधिक बढ़कर बोलियां लगाईं।

1 किलो सोने की ईंट रही आकर्षण का केंद्र

इस साल की नीलामी का सबसे बड़ा आकर्षण एक किलोग्राम वजन की सोने की ईंट रही। लालबागचा राजा गणेशोत्सव मंडल द्वारा इस ईंट का रिजर्व प्राइस 1.48 करोड़ रुपए तय किया गया था, जिसे विश्वजीत देशमुख नामक भक्त ने 1.55 करोड़ रुपए की सबसे ऊंची बोली लगाकर अपने नाम किया। इसके अलावा, 18 कैरट सोने से निर्मित 141 ग्राम की भगवान गणेश की एक दिव्य मूर्ति भी नीलाम की गई, जिसका रिजर्व प्राइस 15.65 लाख रुपए रखा गया था।

गहने, मोदक और वाद्ययंत्रों पर भी लगीं बोलियां

नीलामी में केवल सोने की ईंट ही नहीं, बल्कि सोने-चांदी के आभूषण, सोने के मोदक, चांदी की गदा, क्रिकेट बैट, सितार और दो मोटरसाइकिलें भी शामिल की गईं। श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 56 ग्राम चांदी की एक छोटी गणेश मूर्ति, जिसकी शुरुआती कीमत महज 5,000 रुपए थी वह 50,000 रुपए में बिकी।

Lalbaugcha Raja Gold Auction
Flydubai के हीरो पायलट स्मित मच्छार बचपन से ही थे शांत, दोस्त प्रतीक गांधी ने खोले बहादुरी और सादगी के राज

लालबागचा राजा को 6.12 करोड़ को नकद दान

लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि इस वर्ष लालबागचा राजा को नकद दान के रूप में कुल 6.12 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं। इसमें से 3.53 करोड़ रुपए मुख्य मंच पर रखे दान बॉक्स से, 2.42 करोड़ 'रंग' दान बॉक्स से और 16.14 लाख रुपए विसर्जन दान बॉक्स से एकत्र हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 की नीलामी से लालबागचा मंडल को 2.35 करोड़ प्राप्त हुए थे, जिसमें 1 किलो सोने की ईंट 75.9 लाख रुपए और 1 किलो का सोने का हार 74 लाख रुपए में बिका था। वहीं 2025 में, मंडल ने सोने और चांदी की 108 चीजों की नीलामी 1.65 करोड़ रुपए में की थी।

Lalbaugcha Raja
लालबागचा राजासोर्स: एक्स/@LalbaugchaRaja

GSB सेवा मंडल की कमाई ₹20 करोड़ के पार

दूसरी ओर, किंग्स सर्कल स्थित GSB सेवा मंडल ने इस वर्ष 20 करोड़ रुपए से अधिक की कुल आय दर्ज की। इस गणेशोत्सव मंडल को चढ़ावे के मामले में मुंबई का सबसे धनी गणपति मंडल माना जाता है। पूर्व ट्रस्टी सतीश नायक ने बताया कि इसमें दान, पूजा रसीदें, नीलामी, विज्ञापन और ब्रांडिंग से प्राप्त फंड शामिल हैं। GSB सेवा मंडल अपने पास चढ़ाए गए सोने-चांदी के गहनों की नीलामी नहीं करता है, बल्कि सिर्फ सांकेतिक रूप से 5 वस्तुओं की नीलामी की जाती है, जिससे इस साल 5 लाख मिले।

Lalbaugcha Raja Gold Auction
नागपुर-मुंबई वीकेंड स्पेशल ट्रेन 2 अक्टूबर से, LTT-सांतरागाछी वीकली एसी पूजा स्पेशल 6 अक्टूबर से होगी शुरू

जनकल्याण और सामाजिक कार्यों में होगा फंड का उपयोग

लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल और GSB सेवा मंडल द्वारा एकत्रित इस विशाल धनराशि का उपयोग जनहित और धर्मार्थ कार्यों में किया जाता है। लालबागचा राजा मंडल इस फंड से मुफ्त डायलिसिस सेंटर, अस्पताल के खर्चे और शैक्षणिक सहायता प्रदान करता है। वहीं, GSB सेवा मंडल मीरा-भायंदर में एक सर्वसुविधायुक्त अस्पताल का निर्माण कर रहा है और इस वर्ष की आय का एक हिस्सा महाराष्ट्र के सूखा-प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए भेजेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com