

Lalbaug Raja Area Electric Shock Death: मुंबई के लालबाग इलाके में गणेशोत्सव के दौरान करंट लगने से 8 साल की बच्ची और एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 4- 5 लोग घायल भी हो गए। लालबाग के राजा गणेशोत्सव के नाम से मशहूर इस इलाके में हुई घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा हो गया है।
महागणपति पंडाल के बाहर अचानक करंट फैलने से पांच बच्चे और किशोर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 8 साल की बच्ची रागिनी यादव की मौत हो गई। बाद में ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड के मुताबिक घटना रविवार की देर रात करीब 2 बजे की है। हादसे के समय पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। उसी समय एक दुकान पर लगा प्लास्टिक शेड सरका और बिजली का तार भी नीचे आ गया और करंट की चपेट में दो लड़के और तीन लड़कियां आ गईं।
सभी को तत्काल भायखला के मसीना अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 8 साल की रागिनी यादव को मृत घोषित कर दिया। एक घायल लड़की की हालत नाजुक होने पर उसे परेल के ग्लोबल अस्पताल रेफर किया गया।
मसीना अस्पताल में 19 वर्षीय किरण अकबर नाइक, 19 वर्षीय तन्वी नरश हांडे, 19 वर्षीय साहिल संदीप तारे और 12 वर्षीय रूही सिंह का इलाज चल रहा है। इनमें तीन घायलों को ICU में भर्ती किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, BEST और नगर निगम के संबंधित वार्ड कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभालते हुए घटना की जांच की। मृतक बच्ची की मौसी किस्मती यादव ने पंडाल के आसपास सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक बारिश के कारण वहां पानी जमा था। इसी दौरान तिरपाल खींचे जाने पर पानी और बिजली का तार नीचे गिर गया, जिससे बच्चे करंट की चपेट में आ गए।
परिजनों ने आयोजकों और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं।