

Chembur Tilak Nagar Building Fire: चेंबूर के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम 15 मंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग नंबर 110, बी विंग की चौथी मंजिल स्थित कमरा नंबर 402 में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड समेत पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं।
यह घटना 15 सितंबर 2026 को शाम करीब 7:15 बजे रोड नंबर 13, आर.एस. मणि कैफे के पास स्थित इमारत में हुई। ग्राउंड प्लस 15 मंजिला इस इमारत की चौथी मंजिल के कमरे में आग लगी थी। आग की वजह से कमरे में मौजूद बिजली की वायरिंग, विद्युत उपकरण, छत, लकड़ी का फर्नीचर और दस्तावेज प्रभावित हुए।
आग लगने की सूचना के बाद इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों की मदद से 33 लोगों को सुरक्षित निकालकर इमारत की छत पर पहुंचाया गया। राहत और बचाव अभियान के दौरान किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
मुंबई शहर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए छोटी पाइप लाइन का इस्तेमाल किया गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार, रात करीब 8:01 बजे आग पूरी तरह बुझा दी गई।
आग बुझाने की कार्रवाई के दौरान फायर ब्रिगेड के दो कर्मचारियों ने ब्रीदिंग अपरेटस सेट पहनकर इमारत के अंदर प्रवेश किया। उन्होंने आग के स्रोत तक पहुंचकर उसे नियंत्रित करने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, संबंधित बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और बीएमसी के वार्ड विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सभी एजेंसियों ने मिलकर बचाव और आग बुझाने की कार्रवाई की।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। आग से हुए नुकसान का आकलन और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।