Kurla Baby Kidnapping Case: मुंबई के कुर्ला इलाके से अपहरण किए गए छह महीने के मासूम को विनोबा भावे नगर पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते आरोपी का प्रयास विफल हो गया और बच्चे को उसकी मां के पास सुरक्षित पहुंचा दिया गया।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सोनिया कांबले का छह महीने का बेटा बाबू घर में सो रहा था। इसी दौरान 25 वर्षीय आरोपी अमन आनंद सकट कथित रूप से बच्चे को उठाकर फरार हो गया। घटना कुर्ला पश्चिम के हलाव पुल क्षेत्र में हुई।
मामले की जानकारी मिलते ही सोनिया कांबले ने विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। विद्याविहार रेलवे स्टेशन के फुटेज में आरोपी बच्चे को लेकर ठाणे की ओर जाने वाली ट्रेन में जाता दिखाई दिया। इस अहम सुराग के आधार पर मुंबई पुलिस ने तुरंत ठाणे पुलिस आयुक्तालय और रेलवे पुलिस को अलर्ट जारी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शाम को ठाणे के विष्णु नगर पुलिस स्टेशन से सूचना मिली कि बच्चा सुरक्षित मिल गया है। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को अपनी सुरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे उसके परिवार को सौंप दिया। मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।