

Kurla Prem Nagarcha Maharaja Idol Damaged: मुंबई में गणेश प्रतिमा के साथ एक और हादसा सामने आया है। कुर्ला पश्चिम के शीतल तालाब इलाके में ‘प्रेम नगरचा महाराजा’ की प्रतिमा ले जा रही ट्रॉली का स्पीड ब्रेकर पार करते समय संतुलन बिगड़ गया। हादसे में प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दो मंडल कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आईं।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब कुछ दिन पहले दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर में गणेश प्रतिमा गिरने से हुए हादसे में दो लोगों की मौत और पांच लोग घायल हुए थे।
धारावी के ओम शक्ति वेलफेयर फाउंडेशन के ‘प्रेम नगरचा महाराजा’ का आगमन 8 अगस्त को हुआ था। करीब 15 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को मंडल के कार्यकर्ता शाम के समय कुर्ला बैलबाजार इलाके से लेकर निकले थे।
प्रतिमा को लेकर ट्रॉली जब एलबीएस मार्ग से छत्रपति शिवाजी महाराज तालाब के पास पहुंची, तभी सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर को पार करते समय ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद प्रतिमा हादसे का शिकार हो गई।
हादसे में मंडल के कार्यकर्ता संतोष जैस्वार और रोहित जैस्वार मामूली रूप से घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए नजदीकी पालिका के भाभा अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में प्रतिमा को नुकसान पहुंचने के बाद उसका पास स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज तालाब में विसर्जन कर दिया गया।
कुर्ला की घटना ने मुंबई में कुछ दिन पहले हुए भुलेश्वर के राजा के हादसे की याद ताजा कर दी। 22 अगस्त को दक्षिण मुंबई में गणेश प्रतिमा की मिरवणूक भायखला से भुलेश्वर की ओर जा रही थी।
अखिल भुलेश्वर सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के मंडप से करीब 50-60 मीटर पहले पहुंचने पर अचानक प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया था। प्रतिमा गिरने से हुए इस हादसे में संकेत नेवशे (33) और ब्रिजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हुई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे।
घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल थीं। भुलेश्वर हादसे के बाद अब कुर्ला में गणेश प्रतिमा से जुड़ी दूसरी दुर्घटना सामने आने से सुरक्षा और प्रतिमा परिवहन के इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।