मुंबई की प्यास बुझाएगा कोयना का पानी, 67 टीएमसी अतिरिक्त जल लाने की 40 हजार करोड़ की योजना

Koyna Water Project: मुंबई महानगर में बढ़ती आबादी और पानी की मांग को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार कोयना जलविद्युत परियोजना से 67 टीएमसी पानी को मुंबई, ठाणे और रायगढ़ तक पहुंचाने की योजना बना रही है।
koyna water project 67 tmc water for mumbai
कोयना जल परियोजना(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • महाराष्ट्र सरकार कोयना जलविद्युत परियोजना से समुद्र में बहने वाले लगभग 67 टीएमसी पानी को मुंबई की ओर मोड़ने की योजना बना रही है।

  • परियोजना पर करीब 40 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का प्रारंभिक अनुमान है।

  • पोफली से मुंबई, ठाणे और रायगढ़ तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 160 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और टनल नेटवर्क का प्रस्ताव है।

Mumbai Water Crisis: मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ती आबादी और शहरीकरण के कारण दिन-ब-दिन पानी की मांग बढ़ती जा रही है। भविष्य के जलसंकट को देखते हुए राज्य सरकार ने मुंबईवासियों की प्यास बुझाने के लिए कोयना जलविद्युत परियोजना के व्यर्थ बहने वाले पानी को मोड़कर यहां लाने की योजना पर काम शुरू किया है। इससे मुंबई को लगभग 67 टीएमसी अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इस परियोजना पर करीब 40 हजार करोड़ रुपए खर्च होने का प्रारंभिक अनुमान है।

कोकण का पानी मोड़ने को लेकर बढ़ेगा विवाद

कोयना जलविद्युत परियोजना से बिजली उत्पादन के बाद अरब सागर में बह जाने वाले लगभग 67 टीएमसी पानी को मुंबई और आसपास के क्षेत्रों की जलापूर्ति के लिए मोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। कोंकण में चिपलून के पोफली स्थित विद्युत केंद्र में बिजली उत्पादन के बाद निकलने वाला यह पानी वाशिष्ठी नदी के जरिए सीधे समुद्र में चला जाता है।

स्थानीय विवाद बढ़ने के भी आसार

कोयना बांध के जलग्रहण क्षेत्र में कोई बड़ा उद्योग न होने के कारण इस पानी को शुद्ध माना जाता है और इसका उपयोग पेयजल के लिए किया जा सकता है। अरब सागर में बह जाने वाले इस पानी को रोककर टनल और लगभग 160 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के नेटवर्क के माध्यम से मुंबई, ठाणे और रायगढ़ तक पहुंचाने का प्रस्ताव है। हालांकि, कोंकण का पानी मुंबई की तरफ मोड़ने को लेकर स्थानीय विवाद बढ़ने के भी आसार हैं।

पहाड़ी इलाकों में जमीनों का सर्वे, 3डी डेटा हो रहा तैयार

कोयना नदी पूर्व की ओर बहती है। कोयना परियोजना के तहत नदी के पानी को शिवाजी सागर जलाशय के माध्यम से पश्चिम की ओर सह्याद्रि की पहाड़ियों में टनल के जरिए मोड़ा गया है, ताकि ऊंचाई से पानी गिराकर बिजली पैदा की जा सके।

इस पानी को समुद्र में जाने से रोककर उसे उत्तर की ओर मुंबई मोड़ने की तैयारी है। प्रोजेक्ट की सही प्लानिंग के लिए पोफली और मुंबई के बीच के इलाके का उडी डेटा तैयार किया जा रहा है। पहाड़ी इलाकों से पानी का चैनल ले जाने के लिए मिट्टी व चट्टानों की स्थिरता जांचने के लिए बोरिंग टेस्ट और जंगल वाले इलाकों समेत जमीनों का जियो सर्वे भी किया जा रहा है।

koyna water project 67 tmc water for mumbai
ठाणे में 700 का पानी 8000 में बेच रहे टैंकर माफिया! विधायक डावखरे ने की GPS ट्रैकिंग और दर तय करने की मांग

अगले 50 साल की प्यास बुझाने का लक्ष्य

जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि इस परियोजना का लक्ष्य पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र की अगले 50 वर्षों की पेयजल जरूरत को पूरा करना है। फिलहाल इसके प्रस्ताव पर काम चल रहा है। यह एक अहम परियोजना साबित होगी।

CM की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। कोंकण सिंचाई विकास निगम और डब्ल्यूएपीसीओएस के बीच तकनीकी व्यवहार्यता जांच के लिए समझौता हुआ है। प्रारंभिक आकलन में इस परियोजना पर लगभग 40,000 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

koyna water project 67 tmc water for mumbai
पुणे में आधी रात के बाद बड़ा हादसा! चार मंजिला इमारत की पार्किंग में आग, 18 वाहन जलकर खाक

शहरीकरण तेज, साल 2041 तक चाहिए 6,535 एमएलडी पानी

मुबई महानगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जनसंख्या और शहरीकरण के कारण पानी की मांग लगातार बढ़ती जा रही है, साल 2041 तक आबादी 1.72 करोड़ तक पहुंच जाएगी और 6.535 एमएलडी पानी की जरूरत होगी। मुंबई में सात झीलों से प्रतिदिन 4,000 एमएलडी पानी की आपूर्ति की जाती है, लेकिन कई इलाकों में जल संकट की स्थिति बरकरार है। जलापूर्ति बढ़ाने और मांग-आपूर्ति के अंतर को कम करने के लिए प्रयास जारी है।