कांदिवली में स्कूल जा रही 7 साल की बच्ची से दिनदहाड़े लूट, ब्लेड से हमला कर छीना लॉकेट

Mumbai School Girl Robbery Case: कांदिवली पूर्व में स्कूल जा रही 7 वर्षीय बच्ची से दिनदहाड़े लूट की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोपी ने ब्लेड से हमला कर सोने का लॉकेट छीना और फरार हो गया।
Navi Mumbai Educity Project News
नवी मुंबई एजुसिटी प्रोजेक्ट अपडेट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Kandivali School Girl Robbery Attack: मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित कर्नाटक चाल इलाके में स्कूल जा रही 7 वर्षीय बच्ची के साथ दिनदहाड़े लूट की गंभीर घटना सामने आई है।

आरोपी ने बच्ची के गले से सोने का लॉकेट छीनने के दौरान उस पर ब्लेड से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में डर और आक्रोश का माहौल बन गया है।

स्कूल जाते समय बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची दोपहर करीब 1 बजे अपने घर से पास ही स्थित स्कूल जा रही थी। घर के पीछे वाली गली में पहुंचते ही एक अज्ञात युवक ने उसे रोककर लॉकेट छीनने की कोशिश की। बच्ची के विरोध करने पर आरोपी ने उसके अंगूठे पर ब्लेड से वार किया और लॉकेट लेकर फरार हो गया। घटना के बाद बच्ची घबरा गई और परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।

पुलिस कार्रवाई और एफआईआर विवाद

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिवार को संबंधित पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में शिकायत दर्ज करने में पुलिस ने देरी की, जिससे उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ा। हालांकि, मामला मीडिया और वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता

इस घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि रिहायशी गलियों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए और स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए विशेष निगरानी की जरूरत है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com