Kandivali में पानी के पाइप विवाद से खूनी संघर्ष, महिला-बच्चों पर भी हमला

Mumbai: कांदिवली पूर्व के रामगढ़ इलाके में पानी के पाइप तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में नाबालिग छात्रा, बच्चा और कई महिलाएं घायल हुईं। वीडियो वायरल होने से दहशत फैल गई।
FIR
एफआईआर (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: कांदिवली पूर्व के रामगढ़ इलाके में पानी के पाइप तोड़े जाने को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है।

मारपीट के बीच बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय रहिवासियों पर भी पत्थरों से हमला किया गया। इस झड़प में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा, १ वर्षीय बच्चा तथा दो महिलाओं सहित कई लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

दोनों पक्षों पर क्रॉस FIR दर्ज

कुरार पुलिस ने मामले को 'सामान्य धाराओं के तहत क्रॉस एफआईआर के रूप में दर्ज किया है। संजय जायस्वाल को शिकायत पर पुलिस ने प्रमोद शिगम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं प्रमोद शिगम की शिकायत पर अक्षय, गोविंद, शैलेष व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मारपीट की धाराओं में एफआईआर हुई है। हालांकि बीच-बचाव करने गई महिलाओं और बच्चों की ओर से अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। जिससे स्थानीय लोग नाराज हैं।

घटनाओं को नजरअंदाज कर रही पुलिस

  • स्थानीय रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं आए दिन होती रहती है, लेकिन पुलिस अक्सर मामलों को हल्के में लेती है।
  • आरोप है कि जब गंभीर मामलों में भी हल्की धाराओं में कार्रवाई की जाती है, तो आरोपियों का मनोबल बढ़ जाता है।
  • एक निवासी ने कहा कि अगर पुलिस ने समय रहते सख्त कार्रवाई की होती, तो हालात यहां तक नहीं पहुंचते, भविष्य में यदि कोई बड़ी घटना होती है, तो जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

पुलिस गश्त की मांग

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों ने पुलिस से कड़े कदम उठाने तथा गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे विवाद गंभीर हिंसा का रूप न ले सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com