Rahul Himalayan IRCTC Tejas Express Kitchen Check: रेलवे की खानपान व्यवस्था में गुणवत्ता, स्वच्छता और सेवा सुधार पर आईआरसीटीसी ने फोकस बढ़ा दिया है। इसी के तहत आईआरसीटीसी के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक राहुल हिमालयन ने तेजस एक्सप्रेस में सफर कर 'किचन चेक' किया और यात्रियों से सीधे खानपान व अन्य सेवाओं का फीडबैक लिया। मुंबई की विभिन्न खानपान सुविधाओं और बेस किचन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर अधिकारियों को जरूरी सुधार और तय समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।
रेलवे की खानपान सेवाओं को लेकर यात्रियों की शिकायतों को देखते हुए आईआरसीटीसी ने गुणवत्ता सुधारने के लिए सीधे निरीक्षण का रास्ता अपनाया है। इसके तहत मुंबई दौरे के दौरान हिमालयन ने प्रमुख किचन और फूड आउटलेट्स का जायजा लिया और कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण में हिमालयन ने मुंबई सेंट्रल स्थित 'जन आहार' और 'फूड प्लाजा' का दौरा किया। यहां भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन की जांच की गई। इसके बाद कुर्ला और चेंबूर स्थित बेस किचन का भी निरीक्षण किया गया।
यहां भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, कच्चे माल की हैंडलिंग, सैनिटाइजेशन और खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था की समीक्षा की गई। निरीक्षण अभियान के तहत हिमालयन ने अहमदाबाद-मुंबई तेजस एक्सप्रेस से यात्रा भी की। सफर के दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधे बातचीत कर खानपान सहित अन्य सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने यात्रियों से मिले अनुभव को संतोषजनक बताया।
हिमालयन ने कहा कि रेलवे यात्रा को अधिक सुखद बनाने के लिए सभी संबंधित इकाइयों को आगे के सुधारों के लिए समयसीमा के साथ लक्ष्य दिए गए हैं।
इन लक्ष्यों पर अमल की स्थिति की समीक्षा वह स्वयं करेंगे। इससे खानपान सेवाओं में गुणवत्ता, स्वच्छता और यात्री संतुष्टि को लेकर निगरानी और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।