

India First AI First Virtual Production: मनोरंजन क्षेत्र में तकनीक और इनोवेशन को एक नई दिशा देने वाले, भारत के पहले 'मिक्सी' नामक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित क्रिएटर ऐप के अत्याधुनिक वर्चुअल स्टूडियो का भव्य उद्घाटन समारोह मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) में आयोजित किया गया।
इस स्टूडियो का उद्घाटन महाराष्ट्र के सूचना एवं जनसंपर्क महानिदेशालय के प्रधान सचिव और महानिदेशक श्री ब्रिजेश सिंह ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में मिक्सी स्टूडियोज के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय मधोक, सह-संस्थापक और हेड ऑफ क्रिएटर इकोसिस्टम अर्जुन मधोक, हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायिका और पंडित जसराज फाउंडेशन की सह-संस्थापक विदुषी दुर्गा जसराज, मिक्सी स्टूडियोज के स्टूडियो हेड और वर्चुअल प्रोडक्शन सुपरवाइजर शेरिन वर्गीस और शो रनर-निर्देशक सुपवित्र बाबुल शामिल थे।
मिक्सी ऐप एक विशेष AI-फर्स्ट मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसकी मदद से कोई भी आम यूजर अपनी कल्पनाओं को बिना किसी भौतिक सीमाओं के एक बेहतरीन वीडियो में बदल सकता है। इस ऐप की कार्यप्रणाली बहुत सरल है। क्रिएटर ऐप में लॉग इन करता है, एक गाना चुनता है, अपनी पसंद की स्टाइलिंग, कोरियोग्राफी और वर्चुअल दुनिया का चयन करता है, और क्रिएटर के फोन पर ही AI द्वारा ‘मिक्सी’ तैयार कर दी जाती है। हालांकि वर्तमान में इसकी शुरुआत म्यूजिक वीडियो से हुई है, लेकिन निकट भविष्य में इसका विस्तार फिल्म क्लिप और लघु कहानियों तक किया जाएगा।
ऐप को लोकप्रिय बनाने के लिए मिक्सी राइजिंग नामक पांच सप्ताह की लाइव प्रतियोगिता की भी घोषणा की गई। इस प्रतियोगिता में देशभर के क्रिएटर्स पहले ऐप पर ‘मिक्सी’ बनाएंगे, फिर नकद पुरस्कारों के लिए रोजाना एक-दूसरे से मुकाबला करेंगे। इसके एपिसोड ऐप पर सप्ताह में दो बार स्ट्रीम किए जाएंगे। दर्शक ऐप में अपने पसंदीदा मिक्सी के लिए वोट कर सकते हैं और क्रिएटर्स को जीतने में मदद कर सकते हैं।
प्रत्येक सप्ताह के विजेताओं को अगस्त के अंत में मुंबई में होने वाले इस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा। उन्हें रेड कार्पेट पर चलने और बॉलीवुड हस्तियों, इन्फ्लुएंसर्स और अन्य लोकप्रिय क्रिएटर्स के सामने मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। कला और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का यह अनूठा संगम भारतीय डिजिटल मनोरंजन क्षेत्र में एक नई क्रांति लाने के लिए तैयार है।
उद्घाटन के बाद प्रधान सचिव ब्रिजेश सिंह ने वर्चुअल स्टूडियो का दौरा किया। श्री. सिंह ने कहा, AI-आधारित क्रिएटर ऐप 'मिक्सी' एक बहुत ही अनूठी और नई सोच है। अजय मधोक ने इस विचार को प्रत्यक्ष रुप मे लाने के लिए सक्रिय प्रयास किए हैं। उन्होंने अमेरिका में अपने पेशेवर करियर के दौरान भी इसी तरह की रचनात्मक अवधारणाओं को लागू किया है। उनके पास एडवांस्ड टेक्नोलॉजी का व्यापक ज्ञान है, जो भारत में AI इकोसिस्टम के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है।
संस्थापक और सीईओ अजय मधोक ने कहा, सेलेरिटी स्टूडियोज पैरेंट कंपनी द्वारा विकसित इस मिक्सी प्लेटफॉर्म के लिए भारत पहला और सबसे महत्वपूर्ण बाजार बन गया है। हमने इस प्लेटफॉर्म और अपने स्टूडियो को सबसे पहले मुंबई, महाराष्ट्र में लॉन्च करने का फैसला किया क्योंकि यहीं संगीत है, यहीं क्रिएटर्स हैं और यहीं दर्शक हैं।