

Varsha Gaikwad Targets BJP Over Mumbai Waterlogging: मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष-सांसद वर्षा गायकवाड ने रविवार को बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मुंबई की बदहाली के लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। वर्षा ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी पिछले ३० वर्षों से सत्ता में है, इसके बावजूद पार्टी मुंबई की दुर्दशा की जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है।
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड ने महानगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष नालों की सफाई पर 100 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद पहली या दूसरी ही बारिश में मुंबई के कई हिस्से जलमग्न हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जल निकासी व्यवस्था में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं देता।
गायकवाड ने कहा कि बारिश के दौरान पेड़ों का गिरना, सड़कों का धंसना और आवासीय सोसायटियों में पानी भरना अब आम घटनाएं बन गई हैं, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महापौर और महानगरपालिका आयुक्त इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी और ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं, जिसका खामियाजा आम मुंबईकरों को भुगतना पड़ रहा है।
वर्षा गायकवाड ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 7,000 करोड़ रुपये की लागत वाले मिसिंग लिंक प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक मई को उद्घाटन के बाद पहली ही बारिश में सड़क पर गड्ढे दिखाई देने लगे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा इसे 'टेस्टिंग' बताए जाने पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। गायकवाड ने कहा कि किसी भी परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और लोगों की जान जोखिम में डालकर विकास कार्यों की परीक्षा लेना उचित नहीं है।