गोवंडी में अवैध निर्माण के नाम पर रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार! 1 लाख रुपये लेते पुलिस ने पकड़ा

Govandi Extortion News: गोवंडी में अवैध निर्माण की आड़ में 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले राजू कोकणी को शिवाजी नगर पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
Govandi Extortion Case, Govandi Crime News
गोवंडी रंगदारी मामले का आरोपी(सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Govandi Extortion Case Mumbai: पूर्वी मुंबई के गोवंडी, शिवाजी नगर और बैगनवाड़ी इलाकों में अवैध निर्माण की आड़ में चल रहे जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग के खेल के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिवाजी नगर पुलिस ने जाल बिछाकर 42 वर्षीय राजू कोकणी उर्फ तोफिक मोहम्मद वणू को 1 लाख रुपये की रंगदारी वसूलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी पर लोटस कॉलोनी के एक बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर को डराने-धमकाने, काम रोकने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप है। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

मकान मरम्मत के एवज में मांगी 1 लाख की रंगदारी

मामला गोवंडी स्थित लोटस कॉलोनी का है, जहां शिकायतकर्ता अपने निजी मकान की मरम्मत का काम करवा रहा था। इस दौरान आरोपी राजू कोकणी और उसके साथी 'पापा' ने वहां पहुंचकर काम जारी रखने के बदले 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी। जब शिकायतकर्ता ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घबराने के बजाय सीधे शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को पैसे लेते समय दबोच लिया।

Govandi Extortion Case, Govandi Crime News
सनातन धर्म पर हमला करोगे तो रिएक्शन होगा ही...! सांसद पप्पू यादव पर हमले पर बोलीं शाइना एनसी

आपराधिक ठेकेदार और बिना इंजीनियर के बन रही गगनचुंबी इमारतें

यह घटना गोवंडी और आसपास के स्लम क्षेत्रों में धड़ल्ले से चल रहे अवैध निर्माण के खतरनाक गठजोड़ को उजागर करती है। इलाके में बिना किसी मान्यता प्राप्त आर्किटेक्ट या सिविल इंजीनियर के कई आपराधिक प्रवृत्ति वाले ठेकेदार 14 फीट से भी ऊंचे और कमजोर मकान खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा मानकों के बन रही ये इमारतें आम नागरिकों के लिए काल साबित हो रही हैं। हाल ही में मानखुर्द इलाके में हुए भीषण हादसे में 6 लोगों की मौत इसी तरह के बिना मानक वाले निर्माण का भयावह नतीजा थी।

फर्जी 'समाजसेवियों' और ब्लैकमेलरों का नेटवर्क

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अवैध निर्माण की इस स्थिति का फायदा उठाकर राजू कोकणी जैसे फर्जी ‘समाजसेवी’ और स्वघोषित कार्यकर्ता लोगों को बीएमसी (BMC) व पुलिस की कार्रवाई का डर दिखाते हैं। ये आरोपी निर्माणाधीन मकानों की तस्वीरें और जानकारी जुटाकर ब्लैकमेलिंग का संगठित नेटवर्क चलाते थे। शिवाजी नगर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे शामिल अन्य साथियों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।  

मुंबई से नवभारत के लिए तारिक खान की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com