

Govandi Drug Trafficking: गोवंडी के स्लम इलाकों में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ शिवाजी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक धनंजय शिंदे के मार्गदर्शन में ड्रग्स सेल ने अलग-अलग स्थानों और समय पर जाल बिछाकर तीन कार्रवाइयों को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान गुलरेज मोहम्मद परवेज शेख (21), उमर कमरूद्दीन इदरीसी (33), अनीस मोहम्मद सईद पठाण (18), साहेबे आलम कमाल इदरीसी (20) और राहील मोहम्मद रशीद शेख उर्फ ‘हायपर’ (21) को पकड़ा गया। सभी आरोपी गोवंडी क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
यह कार्रवाई मुंबई शहर के गोवंडी में ड्रग्स सेल के प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक राजवर्धन खेबुडे और उनकी टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य इलाके में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर रोक लगाना है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गुलरेज मोहम्मद परवेज शेख कथित तौर पर मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था और इसी की आड़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में ‘ऑनरेक्स’ कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, यह कफ सिरप कोडीन युक्त है। इसके अलावा आरोपियों के पास से गांजा भी जब्त किया गया है। बरामद नशीले पदार्थों की मात्रा और कीमत से संबंधित विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आ सकती है।
पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें गोवंडी क्षेत्र के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।