

Mumbai Deonar Police Arrest Gangster Shravan Chavan: गोवंडी इलाके में गणपति आगमन जुलूस के दौरान देवनार पुलिस ने एक बेहद नाटकीय और साहसिक कार्रवाई करते हुए, खतरनाक गैंगस्टर श्रवण जनार्दन चव्हाण (26) को गिरफ्तार कर लिया है।
जून 2027 तक मुंबई और ठाणे से तड़ीपार (शहर से निष्कासित) होने के बावजूद यह अपराधी कानून को चुनौती देकर शहर में घुसा था। हत्या, डकैती, रंगदारी और मकोका जैसे संगीन मामलों में वांछित चव्हाण की मौजूदगी की, खबर मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा है।
घटना 14 सितंबर की शाम करीब 7:45 बजे की है, जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चव्हाण एक मित्र मंडल के गणपति जुलूस में दर्शन के लिए आ रहा है। डीसीपी समीर शेख और सीनियर इंस्पेक्टर रमेश यादव के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर शिवाजीराव बड़े की टीम ने तुरंत जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने चव्हाण को पकड़ा, उसने भागने के लिए हिंसक हमला कर दिया।
मुंबई शहर के गोवंडी पुलिस के अनुसार उसने कॉन्स्टेबल सुनील सोनावणे का गला घोंटने की कोशिश की और नाखूनों से उनकी गर्दन व छाती को लहूलुहान कर दिया था।
इसी दौरान गैंगस्टर के साथी समाधान पांडुरंग वाघमारे (30) ने पुलिसकर्मियों पर कथित हमला कर चव्हाण को छुड़ाने की कोशिश की।
हालांकि, सूचना मिलते ही पहुंचे एपीआई देव बागुल, रविंद्र गोडसे और हंडाल ने दोनों को दबोच लिया। घायल कॉन्स्टेबल सोनावणे को तुरंत शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक चव्हाण का आपराधिक इतिहास बेहद खतरनाक रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि, साल 2022 में आर्थर रोड जेल में बंद रहने के दौरान भी उसने जेल अधिकारी पर हमला किया था।
उस वक्त इंटरकॉम पर रिश्तेदार से बात करने का तय समय खत्म होने पर कॉल काटने से नाराज होकर उसने मारपीट की थी।
फिलहाल देवनार पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।